विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मेयर दीपक बाली द्वारा नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली, भजन गायन के साथ जनसमूह के साथ होली गायन में प्रतिभाग किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने समरोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे आज होली महोत्सव के माध्यम से आप सभी के बीच आकर इस पावन पर्व को मनाने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने इस महोत्सव के सफल आयोजन के लिए काशीपुर नगर निगम की पूरी टीम को बधाई व होली की शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम का आयोजन नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजकर उन्हें नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि मुझे अत्यंत प्रसन्नता होती है जब ऐसे आयोजनों में हमारी माताएं, बहनें, युवा साथी और सभी नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और मिलजुलकर इस पर्व को उत्साह और आनंद के साथ मनाते हैं। क्योंकि, होली मात्र रंग लगाकर धूम मचाने का का ही त्यौहार नहीं है, बल्कि ये परस्पर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सघ्द्भाव बढ़ाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि ये रंगो का त्यौहार हमें याद दिलाता है कि जीवन की सच्ची खुशीयां अपनापन बढ़ाने में ही है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने बाल्यकाल की होली की यादें साझा करते हुए कहा कि मुझे आज भी याद है कि मैं, बचपन में होली का कितनी उत्सुकता से इंतजार किया करता था। रंगों का उत्साह तो होता ही था, लेकिन इस समय घर में बनने वाले पकवानों से जो खुशबू आती थी, उसकी बात ही कुछ निराली होती थी। विशेषकर गुजिया का वो स्वाद, आज भी मुझे रोमांचित कर देता है। उन्होंने कहा कि गांव की वो सामूहिक होली, जहाँ न ऊँच-नीच का भेद होता था और न ही छोटे-बड़े का अंतर। सब एक साथ, एक रंग में रंग जाते थे। जब ढोल-दमाऊँ की गूंज उठती थी और हुड़के और ढोलक की थाप पर होली के गीत शुरू होते थे, तो पूरा वातावरण भक्ति और उमंग के अद्भुत मिश्रण से भर जाता था। उन्होंने कहा कि आज इस महोत्सव में वही अटूट एकता, वही प्रेम और वही आपसी भाईचारा देखकर मेरा मन प्रफुल्लित है। उन्होंने कहा कि जब भी मैं, अपनी माता-बहनों और युवा साथियों को अपनी लोक-संस्कृति का गौरव बढ़ाते हुए देखता हूँ, तो मेरा ये विश्वास दृढ़ हो जाता है कि हमारी संस्कृतिक जड़ें आज भी बहुत गहरी हैं और बदलते हुए समय के साथ ये खत्म नहीं हो रही बल्कि नई पीढ़ी तक भी पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर्व और उत्सव केवल परंपराएँ नहीं हैं, ये हमारी पहचान हैं। यही हमें हमारी मिट्टी और हमारी संस्कृति से जोड़कर रखते हैं। इसी भावना से हमारी सरकार देवभूमि की इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक सुरक्षित पहुँचाने के लिए अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत की प्राचीन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवंत परंपराओं की ओर आकर्षित हो रहा है, तब ऐसे समय में हमारा दायित्व और भी अधिक बढ़ जाता है कि हम अपनी लोकसंस्कृति को केवल उत्सव तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवा साथियों से ये करते हुए कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी जड़ों से जुड़ाव बनाए रखें। अपने लोकगीतों, त्योहारों और परंपराओं को जानें, समझें और गर्व के साथ उन्हें आगे बढ़ाएँ। क्योंकि जो समाज अपनी संस्कृति को संजोकर चलता है, वही सच्चे अर्थों में मजबूत और समृद्ध बनता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि लगभग 1950 करोड़ रुपए की बड़ी फंडिंग से काशीपुर में पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मूलभूत सुविधाओं के मामले में काशीपुर किसी भी अन्य क्षेत्र से पीछे न रहे। रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 1100 करोड़ रुपए की औद्योगिक हब परियोजना तथा 100 करोड़ रुपए की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके साथ-साथ, हमारी सरकार काशीपुर के चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए भी कार्य कर रही है। क्योंकि हमारा लक्ष्य है कि काशीपुर आस्था और श्रद्धा की नगरी के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए।
उन्होंने कहा कि काशीपुर हमारी देवभूमि का प्रवेश द्वार है। यहाँ से गुजरने वाला हर यात्री देवभूमि की गरिमा, स्वच्छता और सांस्कृतिक भव्यता का अनुभव करे, इसी दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी का साथ एवं आशीर्वाद हमें आगे भी इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा और हम सभी मिलकर काशीपुर को एक स्मृद्ध, स्वच्छ और विकसित नगर बनाने के हमारे विकल्प रहित संकल्प को पूर्ण करने में अवश्य सफल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेलकर उत्सव की खुशियों को साझा किया और सभी को सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।
उधर कार्यक्रम आयोजक मेयर दीपक बाली ने उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री के पधारने पर उनका दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया और कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में भाग लेकर एक नया इतिहास रचा है क्योंकि अब से पहले कोई मुख्यमंत्री ऐसे कार्यक्रम में काशीपुर में नहीं आए। बाली ने नगर व क्षेत्र की जनता पार्षदों जिला प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन नगर निगम प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, मुकेश कुमार, मंजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, गुंजन सुखीजा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सायरा बानो, ऊषा चौधरी, राजेश कुमार, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जसपुर के कांग्रेस विधायक आदेश चौहान, रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा, उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी, पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश सचिव गुंजन सुखीजा, काशीपुर की प्रथम महिला उर्वशी दत्त बाली, मुक्ता सिंह, पंकज टंडन, अमन बाली, मुकेश चावला, प्रमोद मिश्रा, राशिद फारूकी, महेश अग्रवाल, सादिक हुसैन, पार्षद बीना नेगी, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, मदन मोहन पंत, संजय भाटिया, सीमा चौहान, मंजू यादव, गूलरभोज के अध्यक्ष सतीश चुघ, कायस्थ सभा के अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना एडवोकेट, उद्यमी अश्वनी छाबड़ा, पार्षद पुष्कर बिष्ट, महेंद्र खुराना, विकास जिंदल, केपी सिंह, पार्षद सुरेश सैनी, मनोज बाठला, बांके गोयनका, संजय अग्रवाल, ब्राह्मी गोयल, अंशुल जिंदल, विनीत सेंगर, अजय चाहल, सुधा शर्मा, मुकेश पाहवा, दिलीप मेहरोत्रा, सुधा राय, मोनिका गुप्ता प्रेमलता, मनजीत सिंह, वेद प्रकाश तिवारी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अमरजीत सिंह साहनी, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



