spot_img
spot_img
Friday, March 13, 2026
spot_img

25 करोड़ की ठगी का शिकार हुए लोगों को न्याय दिलाने कोतवाली पहुंचे दीपक बाली

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : ज्यादा ब्याज मिलने के लालच में ठगे गए सैकड़ों लोगों के मामले में वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक बाली ने पीड़ितों का दर्द सुना और कोतवाली पहुंचकर ठगी करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दायर करने की कार्रवाई शुरू करा कर पुलिस से अनुरोध किया कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित लोगों को न्याय दिलाया जाए। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने उन्हें शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

आपको बता दें कि जनपद मुरादाबाद के गांव देवीपुरा निवासी विक्की कुमार प्रजापति पुत्र ओम प्रकाश पिछले काफी समय से नगर में रह रहा था और लोगों को ज्यादा ब्याज का लालच देकर उनसे लाखों रुपए बटोर रहा था। शुरू में लोगों को ज्यादा ब्याज मिला, लिहाजा लोगों का लालच बढ़ता गया और बाद में विक्की कुमार ने उनको भरोसे में लेकर उनसे मोटी रकमें एंठ लीं।

बता दें कि यह व्यक्ति गौतम नगर, टांडा उज्जैन मौहल्ले में जिस विजय सिंह पुत्र बांके सिंह के घर में किराए पर रहता है, उस रिटायर्ड पुलिसकर्मी को भी नहीं बक्शा और उसे अपना मकान बेचने के नाम पर उससे करीब 19 लाख रुपए हड़प लिए। बाद में पता चला कि वह मकान विक्की का था ही नहीं। बताया जाता है कि नगर व क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने अपना घर-जेवर बेचकर व अपने कमाए हुए पैसे इस व्यक्ति को इस लालच में दे दिए थे कि यह उनकी रकम बढ़ाकर उन्हें लौटा देगा।

जब पिछले दिनों यह व्यक्ति अचानक गायब हो गया तो लोगों ने इसके किराए के घर पर धावा बोला तो मकान मालिक सहित सब लोगों को असलियत का पता चला और लोगों ने ठगे जाने पर माथा पकड़ लिया। विक्की कुमार की ससुराल भी काशीपुर में ही मौहल्ला बांसफोड़ान में बताई जाती है। पता चला है कि यह व्यक्ति लोगों से करीब 25 करोड रुपए की ठगी करके फरार हुआ है।

पीड़ित लोगों ने वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक बाली को जब आप बीती सुनाई तो वे उन्हें लेकर कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराकर उन्हें मुकदमा दर्ज कर पीड़ितों को न्याय दिलाने का अनुरोध किया। मकान मालिक द्वारा दी गई तहरीर को पुलिस ने ले लिया और कहा कि शीघ्र ही इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

भाजपा नेता दीपक बाली ने नगर व क्षेत्र की जनता से अनुरोध किया है कि वह ठगों से सावधान रहें और अपनी खून पसीने की कमाई को सोच समझकर कारोबार में लगाएं। जो लोग पीड़ित हैं उन्हें अवश्य न्याय दिलाया जाएगा।

पीड़ित लोगों में दीपक कुमार, मुकेश नाथ, नाजिम, दिव्य प्रकाश यादव, विनय कुमार, सुरेंद्र कुमार, भगवान दास, अरविंद, तनुज कुमार, संदीप कुमार, सुरेश कुमार, कमल कुमार, शिवम यादव सहित उनके अधिवक्ता अभिताभ सक्सेना सहित अनेकों लोग मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles