- कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में एक और सफलता
- कांवड़ यात्रा के बीच हत्या प्रकरण का खुलासा
- विवाहोत्तर संबंध एक बार फिर बने हत्या की वजह
- ई-रिक्शा चालक हत्या प्रकरण में पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार
- गला घोंट हत्या कर बाग में फेंका था शव
- दूसरी शादी से भी असंतुष्ट महिला ने गांव में ही बनाया था प्रेमी
- तीजे के बाद नई दुनिया बसाने का था प्लान
- 5 औलादों का भविष्य अब अधर में
हरिद्वार (महानाद) : पुलिस ने पथरी क्षेत्र के आम के बाग में मिली ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। महिला अपनी दूसरी शादी से भी असंतुष्ट थी इसलिए उसने अपने प्रेमी से दूसरे पति की हत्या करवा दी।
आपको बता दें कि दिनांक 14.7.2025 को थाना पथरी क्षेत्र में आम के बाग में एक शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पड़ताल की तो मृतक की पहचान ई-रिक्शा चालक प्रदीप पुत्र ओमप्रकाश (48 वर्ष) निवासी अंबुवाला, थाना पथरी के रुप में हुई। मृतक के भतीजे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की गई।
जांच के दौरान गुप्तचरों से जानकारी मिली कि मृतक की पत्नी जिसने पहले पति की बीमारी के कारण मौत होने पर 10 साल पहले मृतक से विवाह किया था, का गांव के ही सलेक नामक आदमी से प्रेम प्रसंग चल रहा है। जांच में ये भी सामने आया कि घटना के दिन से ही सलेक का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ है और वह गांव से फरार चल रहा है।
इस महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने मृतक की 36 वर्षीय पत्नी रीना से गहनता से पूछताछ की तो उसने अवैध प्रेम प्रसंग एवं षड़यंत्र रच सलेक (45 वर्ष) पुत्र ईलम चंद निवासी ग्राम अंबु वाला थाना पथरी जनपद हरिद्वारके हाथों प्रदीप की हत्या कराना स्वीकार किया। पूरी सच्चाई सामने आने पर हत्यारोपी प्रेमी सलेक को दिनांक 16.7.2025 को लक्सर स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर गला घोंटकर हत्या करने में प्रयुक्त साफा (गमछा) बरामद किया गया।
आरोपी पत्नी रीना की पहली शादी से 3 लड़किया तथा प्रदीप से 2 बच्चे हैं जिनका भविष्य अब अधर में नजर आ रहा है।



