विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : सिपाही की पत्नी और उसके 2 बच्चों पर खुखरी से वीभत्स हमला कर खुद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाने वाले पूर्व सीआरपीएफ जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कल दिनाक 19.11.2026 को यूपी पुलिस में कार्यरत सिपाही सचिन कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी-खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि सीआरपीएफ के पूर्व जवान ने उसकी पत्नी और उसके दो बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किया और फिर उन्हें व उनके सामान को अपनी गाड़ी में ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। हमला इतना क्रर ढंग से किया था कि घाव बिल्कुल अंदर तक हो गये थ। बच्चे का एक जबड़ा पूरी तरह से कट गया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारीगणों के निर्देशों पर तत्काल कार्यवाही करते हुए सचिन कुमार को साथ लेकर जाच प्रारंभ करते हुए घटनास्थल एवं अन्य संभावित स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी सर्विलांस की मदद से तलाश करते हुए सचिन की पत्नी एवं दोनों बच्चों को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती पाया। उक्त महिला व उसके बच्चों को अस्पताल में भर्ती करने वाला व्यक्ति संजय कुमार पुत्र डालचंद निवासी मौहल्ला अंबेडकर नगर, डिलारी, जनपद मुरादाबाद भी मौके पर मौजूद मिला।
सचिन की घायल पत्नी व बच्चों से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि संजय कुमार ने घर में घुसकर साथ चलने का दबाव बनाया तथा मना करने पर जान से मारने की नीयत से लंबे चाकू जैसे हथियार से हमला कर पत्नी की गर्दन तथा बच्चों के मुँह, गर्दन एवं उँगली पर गंभीर चोटें पहुँचाई। उपचार के दौरान पीड़ितों की चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया तथा सचिन की तहरीर के आधार पर कोतवाली आईटीआई में बीएनएस की धारा 109 (1)/332(ब)/351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के उपरांत पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का फील्ड यूनिट/फोरेंसिक टीम से निरीक्षण करवाया गया तथा घटना में प्रयुक्त चाकू (खुखरी) की तलाश डॉग स्कावयड को मौके पर बुलाकर गयी।

नामजद अभियुक्त संजय कुमार से विस्तृत पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने सीआरपीएफ से वीआरएस लिया है। उसकी सचिन कुमार से जान पहचान थी तथा आपस में रुपयों का लेन-देन भी करते रहते थे और बाद में उसने सचिन से अपने रुपये मांगे तो सचिन ने उसके रुपये नहीं दिए । जिसके बाद उसने सचिन की पत्नी रिंकी का मोबाइल नंबर लेकर उससे बातचीत कर उससे घनिष्ठता स्थापित कर ली और उसका अनुचित लाभ उठाकर मई 2026 में उसने लिव-इन रिलेशन प्रमाण पत्र भी बना लिया।
इसी बीच संजय ने अपनी पत्नी को तलाक देने की प्रक्रिया न्यायालय मे प्रारम्भ कर दी पर रिंकी इसके साथ आने को तैयार नहीं हुई और हर बार बहाना बनाने लगी। इस बात पर उसे गुस्सा आने लगा और इसी बात को लेकर अब उसके अंदर बहुत ज्यादा गुस्सा भर गया था इसीलिए दिनांक 18.11.2026 दोपहर के समय रिंकी के घर आ रहा था। रिंकी के घर का गेट बन्द था, उसने गेट खटखटाया, जब किसी ने गेट नहीं खोला तो यह वापस चला गया। फिर केन्द्रीय विद्यालय गया, जहां रिंकी के बच्चे पढ़ते हैं। इसको रिंकी के बच्चे स्कूल गेट के बाहर दिख गये तो वह उन्हें अपनी कार में बैठाकर घर को ले आया, लेकिन रिंकी ने फोन पर कहा कि आज सचिन घर पर है तो फिर यह वहीं इंतजार करने लगा और जब रिंकी के घर में कोई नहीं था तो कमरे का जाली वाला गेट खुला था जिससे यह अन्दर चला गया और रिंकी का इन्तजार करने लगा।
शाम को करीब 9 बजे रिंकी आई और अन्दर आकर इसे देखते ही बाहर को भागने लगी तो संजय को गुस्सा आ गया और वह उसे पकड़कर अन्दर लाया और उसे पीटने लगा, तभी बच्चे चिल्लाने लगे, तीनों इसका विरोध करने लगे तो संजय ने अपनी खुखरी से रिंकी और बच्चों पर वार कर दिया। फिर संजय दोनों बैगों में सामान पैक कर सबको गाड़ी में बैठाकर और दोनों बैगों और खुखरी को कार में रखकर उनको अस्पताल ले गया ताकि इलाज के बाद उन्हें अपने साथ ले जा सके।
अभियुक्त को जुर्म इकबाल एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर गिरफ्तार कर अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खुखरी, कार क्विड कार तथा पीड़िता व बच्चों के बैग/सामान अस्पताल के बाहर खड़ी अपनी कार और पीड़ित के समान के 2 बैग व महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। संजय कुमार को धारा 109 (1) /332 (ब)/351(3) बीएनएस व बढ़ोतरी धारा 4/25 आर्म्स एक्ट में कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस टीम में एसएसआई अरविंद बहुगुणा, एसआई बसंत पंत, हरविंदर कुमार, एएसआई दीपक चौहान, हे.कां. सिराज हुसैन, दीपक जोशी, रमेश बंग्याल व धर्मेंद्र भारती शामिल थे।



