spot_img
spot_img
Sunday, March 8, 2026
spot_img

दोस्त ने ही लूट ली दोस्त की थार, अब पुलिस करेगी गिरफ्तार

रुद्रपुर (महानाद) : एक युवक ने अपने दोस्त व उसके साथियों पर उसकी थार लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर थार की तलाश शुरु कर दी है।

ग्राम बरला, थाना साबाडेरी, उत्तरी दिल्ली निवासी मोहित तोमर पुत्र सुरेन्द्र तोमर ने रुद्रपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने परिचित बिट्टू पुत्र आजाद सिंह से उसकी महेन्द्रा थार संख्या एचआर 06 बीजे 1611 में अपने दोस्तों भूपेन्द्र सिंह डबास तथा संयम कुमार के साथ कैची धाम मंदिर, नैनीताल घूमने के लिये आया था। उसने रुद्रपुर के रजनीश अरोरा उर्फ सोनू जिसके साथ उसकी पहले से ही जान पहचान है, फोन करके बता दिया था कि वह लोग घूमने आ रहे हैं।

मोहित तोमर ने बताया कि दिनांक 3.9.2025 को दिल्ली से रुद्रपुर आते समय जब वे लोग रात्रि के लगभग 11.30 बजे रुद्रपुर से पहले निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो हाईवे पर रजनीश अरोरा अपने तीन-चार लोगों के साथ खड़ा था, उन्होंने उनकी गाड़ी रोक ली, उन सभी के पास तमंचे थे और उन्हें मां-बहन की गालियां देते हुये जबरदस्ती गाड़ी से उतारने लगे। उसे बाहर खींचकर लोहे की रॉड व डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी और सभी को गन प्वांईट पर ले लिया।

मोहित ने बताया कि रजनीश के साथ जो लोग थे, उन लोगों में एक अपना नाम जग्गा प्रधान तथा वंश मखीजा व राधेश्याम पंडित बता रहा था, कह रहे थे कि हम यहां के बदमाश हैं, तुमने दिल्ली में हमारे साथ अच्छा नहीं किया था, आज तुम्हें तुम्हारी औकात बतायेंगे। उन लोगों ने उन्हें गन प्वांईट पर रखते हुये उनकी थार लूटकर ले गये, उनकी गाड़ी में कैश तथा आई कार्ड, गाड़ी के कागज व अन्य सामान था। उन्होंने काफी शोर मचाया तथा मदद की गुहार लगाई परन्तु रात का समय होने के कारण कोई मदद को नहीं आ पाया।

मोहित ने बताया कि इसके बाद उन्होंने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी तथा सरकारी अस्पताल में जाकर अपना मेडिकल कराया। उसने उक्त बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।

मोहित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त 4 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई चन्दन सिंह बिष्ट के हवाले की है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles