हल्द्वानी (महानाद) : स्वर्णिका ज्वैलर्स के एमडी ने हल्द्वानी स्थित शोरूम के जीएम पर 90 लाख की गोल्ड व डायमंड ज्वैलरी के गबन का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
रुद्रपुर निवासी स्वर्णिका ज्वैलर्स के एमडी नागेन्द्र चन्द्र भट्ट ने हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी Accufox Enterprises Pvt. Ltd. द्वारा ज्वैलरी शोरूम संचालित किया जा रहा है। उनके हल्द्वानी शोरूम में तरुण जैन पुत्र विमल चन्द्र जैन, निवासी हल्द्वानी, जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास कंपनी के गोल्ड एवं डायमंड ज्वेलरी स्टॉक का प्रत्यक्ष नियंत्रण, प्रबंधन एवं अभिरक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी थी तथा वे उच्च मूल्य के स्टॉक के लेन-देन एवं निगरानी के प्रभारी थे।
नागेन्द्र भट्ट ने बताया कि दिनांक 24 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक स्टॉक ऑडिट कराया गया, जिसमें लगभग नब्बे लाख रुपये मूल्य का गोल्ड एवं डायमंड ज्वैलरी स्टॉक कम पाया गया। उक्त स्टॉक की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी तरुण जैन के अधीन थी। यह भी उल्लेखनीय है कि दिनांक 5 मार्च 2026 से पूर्व वे लगभग 4 दिनों के अवकाश पर थे तथा दिनांक 5 मार्च 2026 को अवकाश उपरांत कार्यालय में उपस्थित हुए। उसी दिन लगभग दोपहर 12 बजे वे यह कहकर कार्यालय से निकले कि उन्हें एक ग्राहक से मिलने जाना है। इसके पश्चात वे न तो कार्यालय लौटे और न ही कंपनी से किसी प्रकार का संपर्क किया। उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनका नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है
नागेन्द्र भट्ट ने कहा कि उपरोक्त तथ्यों से स्पष्ट है कि कंपनी के बहुमूल्य गोल्ड एवं डायमंड ज्वैलरी स्टॉक का गबन एवं आपराधिक विश्वासघात किया गया है तथा संबंधित व्यक्ति जानबूझकर फरार है। उन्होंने तरुण जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा गबन किए गए स्टॉक की रिकवरी करने की मांग की है।
नागेन्द्र भट्ट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तरुण जैन के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसएसआई रोहताश सिंह के हवाले की गई है।
#haldwani-news | swarnika-jewellers-haldwani



