हल्द्वानी (महानाद) : एसएसपी नैनीताल प्रहलाद मीणा की सटीक रणनीति और पुलिस टीम के अथक प्रयास से पुलिस ने 10 साल के मासूम के सनसनीखेज निर्दयी कत्ल का खुलासा करते हुए गुनाहगार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की इस सफलता पर आईजी कुमाऊँ ने 5,000 व एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये के पुरस्कार का ईनाम दिया है।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल प्रहलाद मीणा ने बताया कि दिनांक 04/08/2025 को खूबकरन मौर्य पुत्र बिहारी लाल निवासी जिला बरेली, हाल निवासी पश्चिमी खेड़ा, गौलापार, जनपद नैनीताल द्वारा अपने 10 वर्ष के पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जिस पर थाना काठगोदाम में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच एसआई रविन्द्र सिंह राणा द्वारा प्रारंभ की गई, जिसमें आसपास के लोगों से पूछताछ एवं बालक की तलाश की जा रही थी।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासे हेतु अलग-अलग 3 सर्च टीम बनाई गईं। दिनांक 05/08/2025 को उक्त बालक का शव अभियुक्त मोहन चन्द्र जोशी के बाड़े में एक प्लास्टिक के कट्टे के अंदर दबा हुआ मिला। शव का सिर और दाहिना हाथ धड़ से कटा हुआ तथा गायब था।

एसएसपी नैनीताल के मार्गदर्शन में एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, सीओ भवाली प्रमोद शाह, सीओ रामनगर सुमित पांडे की सर्च टीम बालक के सिर और दाहिने हाथ की बरामदगी एवं अभियुक्तों की तलाश हेतु गठित की गईं। खोज के दौरान टीमों द्वारा आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया गया, साथ ही डॉग स्क्वॉयड, ड्रोन कैमरा एवं एफएसएल टीम की सहायता ली गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
चूंकि अभियुक्त शातिर किस्म का है, जो तांत्रिक क्रियाओं की ओर घटनाक्रम को मोड़कर पुलिस टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा। आरोपी की मानसिक स्थिति में जटिलता एवं बार-बार गुमराह करने की प्रवृत्ति को देखते हुए, मामले में गहराई से पड़ताल हेतु मनोचिकित्सक डॉ. युवराज पंत की विशेषज्ञ सहायता ली गई।
दिनांक 09/08/2025 को संदिग्ध निखिल जोशी से गहन पूछताछ की गई, जिसमें अभियुक्त ने कबूल किया कि उसने बालक की हत्या कर शव को बाड़े में गड्डे के अंदर दबाया तथा सिर और दाहिना हाथ गोठ में कबाड़ के नीचे गाड़ दिए। अभियुक्त की निशानदेही पर उसी गोठ से बालक की चप्पल, सिर एवं कटा हुआ दाहिना हाथ बरामद किया गया।
पुलिस टीम की गहन पूछताछ में अभियुक्त निखिल जोशी (38 वर्ष) पुत्र मोहन चन्द्र जोशी, निवासी पश्चिमी खेड़ा, गौलापार, काठगोदाम ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वह बच्चे को घिनौनी मंशा से अपने साथ लाया था। बच्चे द्वारा विरोध करने पर उसने बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए मृतक का सिर और हाथ काट डाले। समय की कमी के चलते, शव को अपने ही घर में जल्दबाजी में दफना दिया गया।
सर्च ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम – प्रभारी सर्च टीम प्रथम- सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, कोतवाल राजेश कुमार यादव, थानाध्यक्ष काठगोदाम पंकज जोशी, एसआई अरुण सिंह राणा, हे.कां. प्रताप गड़िया, कां. कमल बिष्ट, अनिल कुमार, अनिल गिरी, चन्द्रशेखर मल्होत्रा।
प्रभारी सर्च टीम द्वितीय- सीओ रामनगर सुमित पाण्डे, प्रभारी निरीक्षक लालकुँआ दिनेश सिंह फर्त्याल, थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील कुमार, एसआई मनोज यादव, मनोज कुमार, कां. अशोक रावत, नवीन राणा, प्रदीप सिंह तथा शिवम कुमार।
प्रभारी सर्च टीम तृतीय- सीओ भवाली प्रमोद शाह, थानाध्यक्ष भीमताल विमल मिश्रा, थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश जोशी, एसआई भुवन सिंह राणा, हे.कां. रामानन्द सागर, कां. कारज सिंह, महबूब अली, ललित आगरी तथा भानू प्रताप।
सर्विलांस टीम में – प्रभारी एसओजी संजीत राठौड़, एसआई भूपेंद्र मेहता, फिरोज आलम, हे.कां. इसरार, कां. सन्तोष बिष्ट, अरुण राठौर, भूपेन्द्र जेष्ठा, अरविंद बिष्ट, दिनेश नगरकोटी, धीरेंद्र अधिकारी, भानु प्रताप।
फॉरेंसिक टीम हल्द्वानी- एसआई त्रिवेणी प्रसाद जोशी, कां. निर्मल बिष्ट, चालक राजेंद्र दोसाद।
एफएसएल टीम रुद्रपुर- वैज्ञानिक अधिकारी सोनी, फोटोग्राफर दीपक चौहान, लैब असिस्टेंट सीमा, कां. बंशीधर जोशी, मनीष मेहरा
डॉग स्क्वायड- डॉग हैंडलर दान सिंह, गोपाल सिंह तथा डॉग टाइगर।



