विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मां मन्सा देवी शोभायात्रा प्रमुख आशीष शर्मा ‘खुट्टू’ के नेतृत्व में मां मन्सा देवी की 53वीं भव्य विशाल शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। माता के डोले का पूजन मेयर दीपक बाली ने किया। इस बार सुबह से ही बरसात शुरु हो गई और लगा कि आसमान यात्रा के पूर्व प्रमुख विकास शर्मा ‘खुट्टू’ को याद कर रो रहा है।

आपको बता दें कि पूर्व में मां मन्सा देवी शोभायात्रा प्रमुख विकास शर्मा ‘खुट्टू’ की आकस्मिक मृत्यु के पश्चात इस बार यात्रा की जिम्मेदारी उनके छोटे भाई आशीष शर्मा ‘खुट्टू’ के कंधो पर थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। शोभायात्रा में इस बार 12 झांकियां (कुल 106) अधिक थीं। हर बार की तरह शोभायात्रा में श्रद्धाओं की भीड़ उमड़ पड़ी और माता के जयकारों से आसमान गूंज उठा।
शोभायात्रा मौ. लाहौरियान स्थित मां मन्सा देवी मंदिर से प्रारंभ होकर गंगे बाबा चौक, किला बाजार, मेन बाजार, महाराणा प्रताप चौक, चीमा चौराहा, माता मंदिर रोड, रतन सिनेमा रोड, मुल्तानी मोड़, मुंशीराम चौक होते हुए वापिस मां मन्सा देवी मन्दिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह माता के भक्तों ने शोभायात्रा का फूलों की वर्षा और जलपान से स्वागत किया।

शोभायात्रा में मुख्य रूप से पानीपत से आई पंचमुखी हनुमान की झांकी, महाकाल बाबा, शेरावाली माता, नौ देवियों, राधा-कृष्ण, राम मंदिर, शेषनाग, क्षीरसागर में विष्णु-लक्ष्मी, राम दरबार, हनुमान, मां काली, मां सरस्वती, कृष्ण भगवान, शंकर भगवान और नृसिंह भगवान द्वारा हिरण्यकश्यप वध जैसी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
वहीं, इससे पूर्व मां मन्सा देवी मन्दिर में प्रातः रीमा सेठ-संजीव सेठ तथा रेशु कौशिक-शीतल कौशिक ने मुख्य पूजा की। गणेश पूजन मनीषा अरोरा-राकेश अरोरा तथा दीप्ति अग्रवाल-सौरभ अग्रवाल, मूर्ति पूजन पीसीयू के चेयरमैन एवं भाजपा नेता राम मेहरोत्रा एवं उनकी पत्नी ममता मेहरोत्रा तथा सुरभि चौहान-ठाकुर अजय प्रताप सिंह ने किया तथा हिमांशु अरोरा ने ज्योत प्रज्जवलित की।

इस दौरान राजेन्द्र माहेश्वरी, संदीप सहगल एड., राकेश अरोरा रॉकी, मुकेश पाहवा, मनोज पाहवा, जतिन नरूला, प्रभात साहनी, विशाल रुहेला, गगन कांबोज, मोहित शर्मा, सर्वेश शर्मा, लवीश अरोरा, सहित हजारों की तादाद में भक्त शोभायात्रा का हिस्सा बने।



