रुद्रपुर (महानाद) : एक युवती ने अपने पति पर देह व्यापार का धंधा करने का दबाव डालने, जेठ द्वारा उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने और ससुरालियों द्वारा दहेज की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाये हैं। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
भदईपुरा, रुद्रपुर क्षेत्र निवासी एक युवती ने एसएसपी उधम सिंह नगर को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दिनांक 8-12-2021 को उसका निकाह बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ मुस्लिम धर्म की रीति-रिवाज की धार्मिक परम्पराओं के अनुसार रुद्रपुर में सम्पन्न हुआ था। निकाह के समय उसके माता-पिता एवं परिवार वालों द्वारा अपनी हैसियत से अधिक घरेलू उपयोग के समस्त सामान, कीमती कपड़े एवं सोने चांदी के जेवरात, मोटर साइकिल स्प्लेण्डर प्लस, फर्नीचर, बैड, अलमारी इत्यादि दिये गये थे तथा कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये खर्च किये थे।
युवती ने बताया कि उसका निकाह करने के लिए उसके पिता ने अपना घर बेच दिया था। निकाह के पहले दिन से ही उसके पति, ससुर, सास, जेठ, देवर, नन्दोई का व्यवहार उसके प्रति ठीक नही रहा वे उसे दहेज में मोटर कार न लाने का ताना देने लगे और कहने लगे कि तेरे मायके वालो ने हमारी हैसियत के अनुसार दहेज नहीं दिया है, जिससे हमारी समाज में बदनामी हुयी है, अगर हमें ऐसा पता होता तो हम तुमसे शादी नहीं करते, जहां से हमें ज्यादा दहेज एवं नकदी मिलती, हम शादी वहीं करते और उससे दहेज के रूप में एक मोटर कार एवं पाँच लाख रुपये नगद लाने के लिये दबाब बनाने लगे। वह अपने पति व ससुराल वालों के ऐसे अत्याचारों को बर्दाश्त करती रही कि शायद समय के साथ उनका व्यवहार सुधर जाये और उसका घर बस जाये। किन्तु उक्त लोगों की प्रताड़ना उसके प्रति कम नहीं हुई और वे आये दिन उसको दहेज में कार व पाँच लाख रुपये लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे।
युवती ने बताया कि कुछ समय बाद उसका पति व जेठ उसे लेकर दिल्ली गये जहाँ पर उसका जेठ उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार करने का प्रयास करने लगा, उसके नाजुक अंगों के साथ छेड़छाड़ की गयी, उसके द्वारा आपत्ति करने पर मारपीट की गयी। वहीं पर उसे पता चला कि उसका पति अनैतिक देह व्यापार का धन्धा करता है और उसका एक महिला के साथ अवैध सम्बन्ध है। उसका जेठ व पति उस पर भी अनैतिक देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाने लगे।
युवती ने बताया कि जब वह अपने पति से इस धंधे को छोड़ने को कहती तो वह आग बबूला हो जाता और उसके साथ मारपीट करने लगता जिस पर वह अपनी ससरुाल आ गई और वहां पर रहने लगी। कुछ दिन बाद उसके सास-ससुर ने उससे कहा कि तू अपने मायके से पाँच लाख रुपये नगद ले आ तो उनकाबेटा कोई और धंधा कर लेगा, नहीं तो चुपचाप रह, ज्यादा करेगी तो तुझे जान से मारकर खत्म कर देंगे।
युवती ने बताया कि दिनांक 8-12-2022 को उसके एक पुत्री का जन्म हुआ जिसके पश्चात उसके पति व उक्त ससुरालीजनों का व्यवहार उसके प्रति और क्रूरतापूर्ण हो गया और उक्त लोग उसे तरह-तरह से शारीरिक व मानसिक यातनायें देने लगे, खाने-पीने से भी मोहताज रखने लगे और फिर दहेज की खातिरउसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसके बाद समाज के सम्भ्रान्त व्यक्तियों व महिला हेल्प डेस्क, रुद्रपुर के समक्ष समझौता करा दिया गया था।
युवती ने बताया कि दिनांक 26-11-2025 को उसके ससुरालियों के कहने पर उसके पति ने उसे एक सांस में फोन पर तीन बार तलाक, तलाक, तलाक दी गयी जब उसके द्वारा इसे मानने से इन्कार कर दिया तो उसके ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की, जिस पर उसने 112 नम्बर पर फोन कर पुलिस बुलाई और मौके पर पुलिस ने उसे उक्त लोगों से बचाया। इसके बाद उक्त लोगों ने उसे घर से निकाल दिया।
युवती ने बताया कि दिनांक-10-12-2025 कीशाम के लगभग 6 बजे वह अपने मायके में थी तभी उसके ससुरालिये आये और आते ही उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे, कहने लगे कि एक तो तू हमारी दहेज की मांग पूरी नहीं करवा रही है, ऊपर से हमारे खिलाफ पुलिस में प्रार्थना पत्र दे रही है, आज हम तुझे जान से मारकर ही दम लेंगे। उसकी चीख पुकार सुनकर उसके माता-पिता व आस पड़ोस के लोगों ने उसे बचाया। जाते-जाते उक्त लोग यह धमकी देकर गये कि अगर कोई कानूनी कार्यवाही की तो उसे व उसके मायके वालों को जान से मार देंगे।
एसएसपी अजयगणपति के आदेश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने उक्त 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2), 352, 75, 85 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई नेहा राणा के हवाले की है।



