महानाद डेस्क: उत्तराखंड सरकार की केबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर उन्हें धोखा देने, उत्पीड़न करने व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उनका अपमान करने का आरोप लगाया है। कैंट थाना पुलिस ने मंत्री रेखा आर्य की तहरीर के आधार पर उनके पति के खिलाफ 13 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
उत्तराखंड सरकार की महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने कैंट थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह उत्तराखंड राज्य में अधिसूचित अनुसूचित जाति की सदस्य हैं। उनका विवाह श्रीबाबा बनखण्डी नाथ मंदिर, जोगी नवादा, बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी गिरधारी लाल साहू (पप्पू गिरधारी) के साथ दिनांक 6.7.2004 को हिंदू रीति रिवाज से संपन्न हुआ था।
रेखा आर्य ने बताया कि उनका पति बरेली उत्तर प्रदेश का निवासी है तथा अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति का सदस्य नहीं है तथा जिसे प्रारंभ से ही पता है कि वह (रेखा आर्य) अनुसूचित जाति की सदस्य हैं। गिरधारी लाल साहू ने विवाह के समय से ही उन्हें धोखे में रखा कि वह अविवाहित है, विवाह के कुछ वर्ष बाद उन्हें सच्चाई पता चली कि वह पूर्व से विवाहित है और इनके पूर्व विवाह से बच्चे भी हैं, परन्तु तब तक उनके बच्चे हो चुके थे और घर वालों के समझाने पर और बच्चों के भविष्य के दृष्टिगत वह चुप रहीं।
रेखा आर्य ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके प्रति गिरधारी लाल साहू का व्यवहार बदलने लगा, जिसमें यह ज्ञात हुआ कि गिरधारी लाल साहू के अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध है। इस बारे में जब उन्होंने आपत्ति की तो शुरुआत में उनके पति ने अपनी गलती मानते हुए लिखित और मौखिक रूप में माफीनामा दिया, परंतु माफीनामे के बाद भी वह इन कार्यों में लिप्त रहा। इन संबंधों का विरोध करने पर गिरधारी लाल साहू उनके साथ मार-पिटाई और गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। कई बार उनके सरकारी आवास में स्टाफ के समक्ष भी अपमानजनक रूप से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया।
रेखा आर्य ने बताया कि उन्हें यह ज्ञात हुआ है कि गिरधारी लाल साहू ने उनके कूटरचित हस्ताक्षर कर एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें कंपनी के निदेशक के पद से निवृत्त दर्शा दिया, जबकि उन्होंने ऐसा कोई भी दस्तावेज निष्पादित नहीं किया है और ना ही कोई त्यागपत्र दिया है।
रेखा आर्य ने बताया कि हाल ही में उन्हें एक ऑडियो प्राप्त हुई है जिसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बात करते हुए उन्हें जान से मारने का षड्यंत्र रच रहा है। उन्हें लगातार अपने और अपने नाबालिग बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है, यह व्यक्ति कभी भी कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर गिरधारी लाल साहू के खिलाफ आईपीसी और एसएसी/एसटी एक्ट की 13 धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।

वहीं, इस घटना के बाद मंत्री रेखा आर्य की तबियत खराब हो गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।




