पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : विद्युत बिल की बकाया वसूली करने के दौरान विभागीय कर्मचारियों के साथ उपभोक्ताओं द्वारा की गई हाथापाई एवं गाली गलौज के मामले में विद्युत उपखंड अधिकारी ने कोतवाली में तहरीर सौंप कर कार्यवाही की मांग की है।
जसपुर की विद्युत उपखंड अधिकारी दिव्या पांडे ने कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर बताया कि विद्युत विभाग के कर्मचारी जिसमें विद्युत रीडर शाहरुख, लाइनमैन हरीश एवं शिवा विद्युत बिल की बकाया वसूली करने के लिए बृहस्पतिवार प्रातः लगभग 11ः00 बजे के दौरान नई बस्ती खुर्शीद हलवाई के सामने वाली गली में गए हुए थे।
उन्होंने बताया कि बकाया वसूली कार्यवाही के दौरान विद्युत उपभोक्ता मौहम्मद फैजान पुत्र नईम अहमद ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों के साथ गाली गलौज एवं हाथापाई की।
विद्युत विभाग की एसडीओ दिव्या पांडे ने बताया कि मौहम्मद फैजान के विद्युत कनेक्शन पर विद्युत बिल की धनराशि बकाया है, जिसकी वसूली हेतु विभागीय कर्मचारी नियमानुसार कार्यवाही करने गए थे। उन्होंने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं सरकारी कर्मचारी के साथ ड्यूटी पर हाथापाई, गाली गलौज जैसे अशोभनीय व्यवहार एवं विभागीय कर्मचारियों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए पुलिस कार्यवाही की मांग की है।
घटना के बाद विद्युत कर्मचारी एवं अधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए रोष व्यक्त किया है।



