जसपुर (महानाद) : मौ. गुजरातियान, जसपुर निवासी एक युवक के खाते में ऑनलाइन धोखाधड़ी के पैसे जमा होने के सबूत मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
एसआई हरीश प्रसाद ने बताया कि साइबर सैल रुद्रपुर से प्राप्त संदिग्ध बैंक लिस्ट से सम्बन्धित एक खाते की जांच की गई। उक्त खाता द नैनीताल बैंक शाखा जसपुर से सम्बन्धित है। शाखा प्रबन्धक द नैनीताल बैंक द्वारा उपलब्ध कराये गये उक्त संदिग्ध खाते की केवाईसी खाता धारक अमित कुमार (22 वर्ष) पुत्र तेजपाल सिंह निवासी मौ. गुजरातियान, जसपुर के नाम पर होना पाया गया है।
एसआई हरीश प्रसाद ने बताया कि जांच के दौरान उक्त संदिग्ध खाते के सम्बन्ध में समन्वय/जेएमआईएस पोर्टल पर सर्च करने पर उक्त संदिग्ध खाते के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में 9 ऑनलाइन साइबर शिकायतें दर्ज होना पायी गयी हैं, जिससे उक्त खाता बतौर म्यूल अकाउण्ट के तौर पर प्रयोग किया जाना प्रकाश में आया है। विभिन्न राज्यों में दर्ज विभिन्न साइबर धोखाधड़ी मामलों के पीड़ितों से लाखों रूपये की धोखाधड़ी की गई है। धनराशि प्राप्त करने के लिए उक्त बैंक खाते का बार-बार उपयोग किया जाना पाया गया है।
उन्होंने बताया कि लेन-देन डेटा के तकनीकी और वित्तीय ट्रेल विश्लेषण से स्पष्ट रूप से संकेत मिलता है कि उक्त खातें का उपयोग खाता धारक अमित कुमार पुत्र तेजपाल सिंह के द्वारा म्यूल एकाउंट के रूप में किया जा रहा है, कई साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों में एक ही खाते का बार-बार सामने आना पता चलता है। उपलब्ध साक्ष्यों, बैंक अभिलेखों, केवाईसी विवरण, तकनीकी विश्लेषण तथा समन्वय/जेएमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतो के आधार पर यह तथ्य प्रमाणित होना पाया गया है कि खाताधारक अमित कुमार द्वारा अपने उक्त बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराध से अर्जित लाखों रूपये की धनराशि के लेने देन हेतु किया गया अथवा जानबूझकर अपने खाते का उपयोग अपराधियों को उपलब्ध कराया गया है।
उक्त जांच के आधार पर पुलिस ने अमित कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा-318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।



