जसपुर (महानाद) : एक युवक ने कुछ युवकों पर जसपुर के कई मौहल्लों में तांडव मचाने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
वैशाली कालोनी, जसपुर निवासी आशुतोष कुमार सिंह पुत्र गंगाराम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह दिनांक 8.8.2025 की रात्रि के लगभग 3 बजे रोडवेज बस में बैठकर रुड़की से जसपुर आया था। जैसे ही में रोडवेज बस से पृथ्वीराज चौक पर उतरा तो गाँधी पार्क की तरफ से दो मोटरसाईकिलों पर 5-6 लोग आये, जिनमें 1. अमित चौहान पुत्र संजय सिंह निवासी मौहल्ला चौहनान, जसपुर, 2. अंकुर गोला पुत्र अनुज गोला निवासी गंदा नाला, जसपुर, 3. कक्का पंवार पुत्र अरुण निवासी वाल्मिकि बस्ती, जसपुर, 4- देबू पुत्र विनोद निवासी वाल्मिकि बस्ती, जसपुर, तथा 5- कुश शर्मा पुत्र रविन्द्र शर्मा उर्फ बबली निवासी खेड़ा वाली नहर के पास, जसपुर उसके साथ गाली गलौच करने लगे, वह चुपचाप घर की तरफ जाने लगा तो उसे बेवजह पकड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरु कर दी और मुझे लात घूंसों से बहुत बुरी तरह से मारा, वह जैसे-तैसे वहाँ से अपनी जान बचाकर भागा।
आशुतोष ने बताया कि कल रात ये लड़के मोटर साईकिलों पर आवारा गुंडों की तरह रात भर घूम रहे थे और पूरे जसपुर क्षेत्र में दहशत फैलाकर रात भर लोगों के दरवाजे पीट रहे थे। उपरोक्त लोगो के द्वारा दुर्गेश विश्नोई पुत्र सुरेश चन्द्र विश्नोई निवासी राधा कृष्ण मन्दिर के पास, मौहल्ला चौहनान, जसपुर के घर के बाहर तांडव कर घर के दरवाजों को पीटा और गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर के बाहर चौकीदारी कर रहे संजय कुमार पुत्र भारत सिंह निवासी मंडुवाखेड़ा, जसपुर के साथ भी मारपीट कर वहाँ से भाग गये।
आशुतोष ने बताया कि इसके अलावा उपरोक्त लोगों ने सक्को वाली मस्जिद के पास भी तांडव करते हुए रास्ते में खड़े रेड़े के साथ भी तोड़फोड़ की और रास्ते में आने जाने वाले व्यक्तियो के साथ भी मारपीट की। उसने उपरोक्त गुंडो के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
आशुतोष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उपरोक्त 5 युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 191(1), 191(2), 351(2), 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच एसआई ललित सिंह दिगारी के सुपुर्द की है।



