विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : जीत कालोनी, महेशपुरा निवासी एक युवक अपने 2 साल के बच्चे को रेलिंग से नीचे फेंककर फरार हो गया। बच्चे को गंभीर हालत में मुरादाबाद रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसएसपी ने अपने अधिनस्थों को तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिये हैं।
आपको बता दें कि एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा आज काशीपुर एसपी ऑफिस में जनता दरबार लगाते हैं। इसी क्रम में मौ. महेशपुरा, जीत कालोनी, काशीपुर निवासी उजमा पत्नी शमी ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका निकाह दिनांक 14.11.2022 को शमी पुत्र अब्दुल रशीद के साथ हुआ था। शादी के 5 दिन बाद से ही शमी व उसके घरवाले उसे दहेज में मोटर साईकिल न लाने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। इस बीच उसके एक पुत्र व एक पुत्री उत्पन्न हुए।
उजमा ने बताया कि उसके पति शमी द्वारा उसके साथ कई बार मारपीट कर हजारों रुपये मांगे गये और उसके कपड़े धोने की मशीन व कूलर में आग लगाकर स्वाहा कर दिया और उसका मोबाइल तोड़ दिया।
उजमा ने बताया कि दि. 4.7.2025 को उसके पति शमी ने उससे अपने मायके से हीरो की बाइक और 50 हजार रुपये नकद लाने की मांग की। उसके मना करने पर उसके पति ने उसे मारना पीटना शुरु कर दिया। जब उसका 2 साल का पुत्र उसके पास आया तो उसके पति ने उसे उठाकर रेलिंग से नीचे फेंक दिया, उसकी सास, देवरानी, 2 देवर और 2 ननदें चुपचाच खड़ी ये सब देखती रहीं और उसका पति शमी घर से भाग गया।
उजमा ने बताया कि इसके बाद वह अपने पुत्र को सरकारी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया। जिसके बाद उसने उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच के बाद उसके सिर की हड्डी में फ्रेक्चर और सिर में खून जमा बताया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। उसने अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अपने अधिनस्थों को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये हैं।



