विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 9 लोगों पर उससे खुन्नस निकालने के चक्कर में उसके नाबालिग पुत्र को मारपीट कर अधमरा करने और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कुंडा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका नाबालिग पुत्र उदयराज हिन्दू इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है। रामगोपाल सिंह पुत्र लेखराज सिंह, रामपाल सिंह, रिंकू पुत्रगण रमेश सिंह, अर्जुन सिंह, हेमराज सिंह पुत्रगण रामगोपाल सिंह, संजय, अरुण, अमन पुत्रगण आनन्द सिंह, अरविन्द पुत्र सोमंती सिंह, जो कि आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं, जिन पर पूर्व में भी कई मामले चले आ रहे हैं। ये डरा धमका कर लोगों से पैसे ऐंठने का काम करते हैं तथा उससे व उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। इन लोगों द्वारा उसे व उसके परिवार को देख लेने की धमकी भी दी गई तथा पूर्व में इन लोगों ने उसके बच्चों के साथ मारपीट भी की है।
व्यक्ति ने बताया कि दिनांक 27.04.2026 को उसका नाबालिग बेटा कहीं जा रहा था तभी वहाँ पर घात लगाये पहले से बैठे रामगोपाल सिंह, रामपाल सिंह, रिंकू, अर्जुन, हेमराज, संजय, अरुण, अमन, अरविन्द व 3-4 अन्य अज्ञात लड़के जिन्हें सामने आने पर उसका बेटा पहचान लेगा, ने उसके बेटे को जबरदस्ती रोक लिया और उसके बेटे को मोटरसाईकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया और उसे माँ बहन की गंदी-गंदी गालियाँ देते हुए कहने लगे कि तू और तेरा बाप हमारी बात नहीं सुनते, अब हम तुझे और तेरे बाप को कहीं मुँह दिखाने लायक नहीं छोड़ेंगे।
इतने में ही रिंकू, अर्जुन, अमन, संजय, अरविन्द ने कहा कि आज हम इससे अपनी हवस मिटाते हैं। इतना कहते ही ये लोग उसके बेटे को जबरदस्ती मोटरसाईकिल पर बिठाकर ले जाने लगे । शोर-शराबा होने पर और उसके बेटे के विरोध करने पर उक्त सभी लोगों ने उसके बेटे को लोहे की रॉड से और बेल्ट से बुरी तरह मारना पीटना शुरू कर दिया और अर्जुन, रिंकू, अमन, संजय, अरविन्द ने उसकी पैंट उतार दी और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया।
उसने बताया कि प्रयास सफल न होने पर उक्त सभी लोगों ने उसके बेटे को जान से मारने की नीयत से बुरी तरह से मारा-पीटा और उसके अंडकोष व गुप्तांग पर लात मारकर उसे मृत अवस्था में पहुँचा दिया और मरा समझकर यह कहकर चले गये कि आज हमने इसे खत्म कर दिया है, मौका मिलते ही पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।
उसने बताया कि इसके बाद लोगों की मदद से उसने अपने बेटे को सरकारी अस्पताल, काशीपुर में भिजवाया, जहाँ उसकी गम्भीर हालत को देखते हुऐ डॉक्टर ने उसे अच्छे इलाज हेतु रेफर कर दिया। उसके बेटे का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उक्त लोगों से उसे व उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त 9 लोगों खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 191(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई गणेश दत्त भट्ट के हवाले की है।



