विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने दो प्रोपर्टी डीलरों पर उसे 10 एकड़ जमीन बेचने के नाम पर 1 करोड़ 15 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
कृष्णा विला कालोनी, जसपुर खुर्द, निकट शगुन गार्डन, काशीपुर निवासी अक्षय भल्ला पुत्र राजेश कुमार भल्ला ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सांडखेड़ा, काशीपुर निवासी प्रोपर्टी डीलर जगजीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह व लवजीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह ने दिनांक 01.12.2020 को उसे 10 एकड़ खेती की जमीन ग्राम जैतपुर घोसी में दिखाई और बताया कि वे दोनों ही उक्त जमीन के मालिक हैं।
अक्षय ने बताया कि लवजीत सिंह व जगजीत सिंह की बात पर विश्वास कर के उसने दोनों से जमीन का सौदा 40 लाख रुपये एकड़ के हिसाब से तय कर लिया, जिसके बयाने के रूप में उसने अपने घरवालो के केनरा बैंक के अकांउट से दिनांक 05.11.2020 को 20 लाख रुपये दिनांक 11.11.2020 को 14 लाख रुपये जगजीत सिंह के आईसीआईसीआई बैंक के खाते में ट्रांसफर किये। इसके बाद उसने अपनी फर्म गजराज ट्रैवल्स रिजॉर्टस के बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से दिनांक 03.12.2020 को पांच लाख रुपये, दिनांक 7.12.2020 को दस लाख रुपये जगजीत सिंह व अपनी ताई सीमा रानी के एकाउण्ट से दिनांक 19.12.2020 छः लाख रुपये लवजीत सिंह को चैक द्वारा उपरोक्त दोनों के आईसीआईसीआई बैंक में ट्रान्सफर किये व साठ लाख रुपये नकद कुल मिलाकर एक करोड़ पन्द्रह लाख रुपये उपरोक्त लवजीत सिंह व जगजीत सिंह को दिये तथा लवजीत सिंह व जगजीत सिंह ने उससे वादा किया कि 3 वर्षों में उपरोक्त जमीन की रजिस्ट्री वह उसके पक्ष में कराकर देंगे।
अक्षय भल्ला ने बताया कि दिसम्बर 2024 में उसे जानकारी प्राप्त हुई कि लवजीत सिंह व जगजीत सिंह द्वारा बताई गयी स्वयं की जमीन का मालिक कोई अन्य व्यक्ति है। तब उसने ऑनलाईन खतौनी चैक करायी तो पता चला कि उक्त जमीन से लवजीत सिंह व जगजीत सिंह का कोई वास्ता नहीं है। तब उसे समझ आया कि उपरोक्त दोनों व्यक्तियों ने उसके साथ धोखाधड़ी करके किसी अन्य व्यक्ति की जमीन को अपनी बताते हुए उससे जमीन बेचने का सौदा कर एक करोड़ पन्द्रह लाख रुपये ठग लिये।
अक्षय भल्ला ने बताया कि जब वह अपनी रकम वापस लेने के लिए उनके निवास पर पहुँचा तो पता चला कि लवजीत सिंह पैसा लेकर कनाडा भाग गया है। उसने कई बार जगजीत सिंह से अपनी रकम वापिस मांगी तो जगजीत सिंह ने उसे गन्दी गन्दी गालियों दी और धमकी दी कि अगर तूने हमारे खिलाफ कोई कार्यवाही की तो तुझे जान से मरवा दूंगा। उसने लवजीत सिंह से फोन पर सम्पर्क कर लवजीत सिंह से भी पैसा वापिस करने का अनुरोध किया तो लवजीत सिंह ने फोन पर ही उसे गन्दी गन्दी गालिया दी और जान से मरवाने की धमकी दी। उसने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
अक्षय भल्ला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने लवजीत सिंह व जगजीत सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एएसआई पुष्कर दत्त भट्ट के हवाले की है।
kashipur_city | kashipur_news



