विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : सामाजिक संस्था वसुधैव कुटुंबकम द्वारा होली महोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवा और नेत्रदान जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चक्रेश जैन को ‘नेत्रदान मित्र सम्मान’ व राजकुमार सेठी को ‘नेत्रदान रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया। साथ ही सुभाष शर्मा को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्रिका ‘पंचांग’ का विधिवत विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जन जागरण अभियान के लिए नेत्रदान को आवश्यक बनाने पर जोर दिया गया और उन भ्रांतियां का भी खंडन किया गया कि जिसमें बताया जाता है कि आंख पूरी निकल जाती है, जबकि वास्तविकता यह है कि उसका मात्र एक पर्दा निकाला जाता है और इसमें कोई खून नहीं निकलता है एवं 10 मिनट में सारी प्रक्रिया पूरी हो जाती है।
सम्मान समारोह के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें होली के रंगों की छटा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। तत्पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से होली खेली और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। समारोह ने सामाजिक समरसता, सेवा भावना एवं सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया। संस्था द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में अजय अग्रवाल, पीयूष बंसल, विकास जैन सहित संस्था के सदस्यगण एवं भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहे।



