नई दिल्ली (महानाद) : लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि देश के नये चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बनेंगे। वे जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जो 30 मई को रिटायर हो जायेंगे।
आपको बता दें कि वर्तमान में लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्य किया है तथा मार्च 2023 से जून 2024 तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) के पद पर भी कार्य किया है।
सुब्रमणि को दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था और उन्होंने 37 वर्षों तक भारतीय सेना की सेवा की है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण पदों पर कार्य किया है। उन्हें चीन-पाकिस्तान सीमा पर कार्य का बेहद अनुभव है।
लेफ्टिनेंट जनरल एनडीए एवं आईएमए के स्नातक हैं। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के ब्रैक्नेल में स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और नई दिल्ली में स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री और मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एमफिल की उपाधि प्राप्त की है।
सुब्रमणि को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए कई सम्मानों से नवाजा गया है –
परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक, विशिष्ट सेवा पदक



