सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : एक व्यक्ति ने एक महिला व उसके बेटे पर उसके किराये की दुकान में चल रहे होटल को खाली कराने के लिए होटल में घुसकर तोड़फोड़ करने व उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
रानीखेत रोड, रामनगर निवासी तुषार बिष्ट पुत्र स्व. पुष्कर बिष्ट ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 2.08.2025 की दोपहर के लगभग 1.15 बजे कमला बिष्ट पत्नी महिपाल सिंह बिष्ट व उसका पुत्र दीपेश बिष्ट ने उसके किरायेदार सुरेन्द्र पाल अरोरा के साथ गाली-गलौच कर लड़ाई-झगड़ा आदि किया और किरायेदार के होटल में रखा समस्त खाने का सामान, बर्तन आदि फेंक दिये और काफी नुकसान कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
तुषार ने बताया कि इसके बाद उक्त लोग उसके पास आये और बोले कि तूने अपनी दुकान किराये पर दे रखी है, खाली करवा, नहीं तो तुझे मारके कहीं फिंकवा देंगे। जब उसने इस बात का विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ भी गाली-गलौच की और थप्पड़ भी मारा और कहा कि तू चला जा नहीं तो तुझे जान से मार देंगे और कहा कि तुझ पर रेप का केस लगाकर जेल भेज दूँगी, मैं तेरी दुकान पर खाने का होटल चलने नहीं दूँगी, तू मुझे जानता नहीं है, मैं क्या-क्या कर सकती हूँ।
तुषार ने कहा कि विपक्षीगणों की उक्त घटनाओं से वह काफी सदमे में है। उक्त घटना को मौके पर अन्य लोगों व राहगीरों द्वारा देखा व सुना गया है। जिसकी वीडियो भी उसके पास मौजूद है। वह उक्त लोगों की आये दिन की घटनाओं से काफी प्रताड़ित है। उसने उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी व उसके किरायेदार की जान-माल की सुरक्षा करने की मांग की है।
तुषार बिष्ट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई सुरभि राणा के हवाले की है।



