विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति का रास्ते में मोबाइल गिरा और उसके 2 बैंक खातों से 5,33,498 रुपये निकल गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मौ. विजयनगर, महुआखेड़ागंज निवासी छत्रपाल सिंह पुत्र श्यामलाल ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनाक 23-06-2025 की शाम के लगभग 6 बजे वह अपने घर से काशीपुर जा रहे थे, तभी कहीं रास्ते में उनका मोबाइल गिर गया। दिनांक 24-06-2025 को उन्होंने कोतवाली काशीपुर में मोबाईल गुम हो जाने की रिपोर्ट दर्ज करायी, उनके मोबाईल में बैंक पासबुक की फोटो थी और अन्य दस्तावेज भी थे। उनका मोबाइल नं. बैंक खातों से जुड़ा था, उन्होंने दोबारा सिम कार्ड निकलवाया।
छत्रपाल ने बताया कि जब उन्होंने नया सिम डाला जो उनके फोन में मैसेज आया तो पता चला कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके मोबाइल नम्बर से यूपीआई आईडी बनाकर उनके खातों से रुपये निकाले जा रहा है। जिसके बाद उसने अपने बैंक खाते बंद कराये लेकिन तब तक उनके 2 बैंक खातों से कुल 5,33,498 रुपये निकाल लिये गये। उन्होंने पुलिस से कानूनी कार्रवई की मांग की है।
छत्रपाल सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66डी व बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट के हवाले की है।



