विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : ढकिया नं. 1 के टेंट व्यापारी संजीव कुमार की मौत के मामले में पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संजीव की दुकान पर काम करने वाले 2 युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
ग्राम बाजावाला, ढकिया नं. 1, कुंडेश्वरी, काशीपुर निवासी निशा पत्नी स्व. संजीव कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति संजीव कुमार पुत्र स्व. सोमल सिंह की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान है। दिनांक 16.08.2026 को रोज की तरह उसके पति अपनी स्विफ्ट कार से घर से अपनी दुकान पर जाने के लिए निकले थे।
निशा ने बताया कि उसके पति अक्सर शाम को 7-8 बजे तक वापिस घर आ जाते थे। उसके पति संजीव की दुकान पर शिवम सैनी निवासी ग्राम थारी, पीरुमदारा, रामनगर व करमजीत पुत्र हरजीत निवासी ग्राम गाँधीनगर, कुण्डेश्वरी, काशीपुर काम करते हैं। देर रात तक जब उसके पति घर वापिस नहीं आये तो उसने अपने पति को फोन किया तो उन्होंने बताया कि आज हमारे कर्मचारी शिवम सैनी का जन्मदिन है और वह शिवम व करमजीत के साथ हैं। वह खाना खाकर देर रात्रि घर लौट आयेंगे।
निशा ने बताया कि दिनांक 17.08.2026 की सुबह ग्राम राजपुर, प्रतापपुर, काशीपुर से किसी गाँव वाले का फोन आया कि तुम्हारे पति का एक्सीडेंट हो गया है और उनकी मृत्यु हो गई है। आप जल्दी से मोर्चरी आ जाओ। वह अपने परिवार के लोगों व रिश्तेदारों को लेकर मोर्चरी पहुँची तो वहाँ पर पुलिस मौजूद थी। पुलिस ने उसे उसके पति का शव दिखाया तो उसने देखा कि उसके पति के गले में एक बड़ा होलनुमा चोट का निशान था।
निशा ने बताया कि उसे व उसके परिजनों को देखने से लगा कि उनकी हत्या उनके साथ रहने वाले शिवम सैनी व करमजीत द्वारा की गई है और हत्या को एक्सीडेंट का रुप देने के लिए उनकी कार को ग्राम राजपुर में सड़क के नीचे खेतों में उतार दिया। उसने शिवम सैनी व करमजीत के मोबाईल पर कॉल कर जानकारी लेनी चाही तो दोनों का मोबाईल स्विच ऑफ था। उसे पूर्ण विश्वास है कि शिवम व करमजीत ने ही उसके पति की हत्या की है। उसने दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने निशा की तहरीर के आधार पर शिवम व करमजती के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसएसआई नवीन बुधानी के हवाले की है।



