रुद्रपुर (महानाद) : नगर पालिका किच्छा एवं सिरौलीकलां में निर्वाचन के दौरान मतगणना परिसर स्थल में शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने पर पुलिस ने की त्वरित कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि 30 लोगों को हिरासत में ले लिया।

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दिनांक 22.09.2026 को समय लगभग 4ः30 बजे नगर पालिका निर्वाचन किच्छा एवं सिरौलीकलां की मतगणना प्रक्रिया परिसर (नई मंडी, किच्छा) में वर्तमान विधायक किच्छा तिलक राज बेहड़ एवं पूर्व विधायक किच्छा राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों व प्रत्याशियों के साथ पहुंचे।
इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे उनके बीच कहासुनी एवं धक्कामुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई तथा शांति व कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बनी।
मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत दोनों पक्षों को अलग-अलग कर मौके से हटाया गया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी, पंतनगर ले जाया गया। वहीं, वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ एवं उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया।

प्रमुख गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्यवाही –
वर्तमान विधायक के साथ धक्का-मुक्की करने वाले मुख्य अभियुक्त धीरज कुमार (उम्र 40 वर्ष) पुत्र शम्भू सिंह, निवासी वार्ड नं.-4, आस्था कालोनी, लालपुर, थाना किच्छा, जिला ऊधम सिंह नगर को कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु धारा 170 बीएनएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वहीं, शांति भंग करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए पुलिस द्वारा अब तक कुल 30 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है, जिनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई बसंत प्रसाद, एएसआई संतोष उप्रेती, कां. बृजमोहन सिंह तथा हरेन्द्र धामी शामिल थे।
एसएसपी अजय गणपति का संदेश –
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



