गदरपुर (महानाद) : एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने सर्वेश्वर सिंह हत्याकाड का खुलासा करते हुए 2 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया तथा 1 विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लेकर आला ए कत्ल रिवॉल्वर व कारतूस बरामद कर लिया।
आपको बता दें कि दिनांक 30.03.2026 को ग्राम बकैनिया, गदरपुर निवासी उर्मिला सिंह ने तहरीर देकर बताया कि दिनांक 29.03.2026 को जमीन विवाद के चलते रंजिशन सर्वजीत सिंह पुत्र स्व. रामचंद्र, रविशंकर उर्फ गुड्डू पुत्र राम अयोध्या व अन्य ने उनके पति सर्वेश्वर सिंह की घर के बाहर रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर कोतवाली गदरपुर में धारा 103(1)/115(2)/351(2) बीएनएस बनाम सर्वजीत सिंह आदि के विरु; मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा तत्काल अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु सख्त निर्देश दिए गए। एसपी अपराध/काशीपुर एवं सीओ बाजपुर विभव सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गदरपुर संजय पाठक के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए तथा सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई। मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से अभियुक्तों की लोकेशन ट्रैक की गई। सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन करते हुए अभियुक्तों की गतिविधियों को चिन्हित किया गया, उनकी मूवमेंट ट्रैक कर रूट मैप तैयार किया गया तथा हुलिये की पुष्टि की गई तथा मुखबिर की सूचना पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और कुईखेड़ी तिराहे के पास सकैनिया क्षेत्र से सर्वजीत सिंह (45 वर्ष) पुत्र स्व. रामचंद्र निवासी ग्राम बकैनिया, गदरपुर तथा रविशंकर उर्फ गुड्डू (46 वर्ष) पुत्र राम अयोध्या निवासी ग्राम बकैनिया, गदरपुर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 1 नाबालिग को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया।
पुलिस टीम में कोतवाल गदरपुर संजय पाठक, एसआई मुकेश मिश्रा, विजय कुमार, कां. जीवन फुलेरा, राजेन्द्र बिष्ट तथा उमेश जोशी शामिल थे।



