धर्मवीर बात्ता
नरवाना (महानाद) : श्री भारतीय कला केंद्र नरवाना ने अपने कार्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन कर जींद जिले के डिस्ट्रिक्ट म्युनिसिपल कमिश्नर (डीएमसी) सुरेन्द्र दुहन को नगर की सफाई व्यवस्था में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।
इस मौके पर संस्था के प्रधान कुलदीप सिंघल व अन्य पदाधिकारियों ने डीएमसी को शॉल, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान कुलदीप सिंघल ने कहा कि श्री भारतीय कला केंद्र केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा व नगर विकास से जुड़े कार्यों में भी संस्था सदैव अग्रणी भूमिका निभाती रही है। संस्था ने नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए नगर परिषद को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
संस्था के पदाधिकारियों ने यह भी विश्वास दिलाया कि भविष्य में शहर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने की दिशा में भारतीय कला केंद्र हर स्तर पर डीएमसी के साथ खड़ा रहेगा।
डिस्ट्रिक्ट म्युनिसिपल कमिश्नर ने सम्मान मिलने पर संस्था का आभार व्यक्त किया और कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता जैसे अभियानों को गति मिलती है। उन्होंने भारतीय कला केंद्र के योगदान को प्रेरणादायक बताया।
इस मौके पर हरीश गुप्ता, डॉ. संजय, मोहन लाल गर्ग, देशराज माटा, रामावतार बंसल, अशोक कक्कड़, धर्मवीर बात्ता, बिट्टू गर्ग, सुंदर बात्ता, राहुल सिंघल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



