spot_img
spot_img
Monday, February 23, 2026
spot_img

शादीशुदा महिला को घर ले आया बेटा तो पिता ने सुपारी देकर करवा दी हत्या

अमरोहा (महानाद) : शादीशुदा महिला को घर लाने से नाराज पिता ने सुपारी देकर अपने बेटे की हत्या करवा दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पिता सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सोमवार को रजबपुर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर कलां गांव के गन्ने के खेत में एक अज्ञात युवक का केवल अंडरवियर में शव बरामद हुआ था। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे और उसके सिर में गोली मारी गई थी। मृतक की पहचान नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गालिबबाड़ा निवासी दीपक के रूप में हुई थी। मामले में मृतक के पिता सतेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की गई।

जांच के दौरान पता चला कि दीपक शराब पीने का आदी था और उसके शादीशुदा महिला से संबंध थे। लगभग 2 साल पहले वह उस महिला को घर ले आया था। महिला के पति ने दीपक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। बेटे के शादीशुदा महिला से संबंधों से नाराज पिता सतेंद्र ने बदमाशों को 2.70 लाख रुपये सुपारी देकर उसकी हत्या करा दी।

एसपी ने बताया कि 22 जून की शाम को सतेंद्र ने अपने बेटे दीपक को उमर के घर पाइप देखने के लिए भेजा। उमर ने इसकी जानकारी जरीफ को दे दी। दीपक शराब पीने का आदी था, इसलिए जरीफ और रईस शराब की दो बोतलें लेकर उमर के घर पहुंच गये। इसके बाद जरीफ और रईस ने दीपक को खूब शराब पिलाई और रात के लगभग 10.30 बजे, जरीफ और रईस दीपक को उसकी मोटर साईकिल पर बैठाकर ले गए। दोनों ने शहबाजपुर कलां गांव के जंगल में दीपक के सिर और चेहरे पर फावड़े से वार किया और फिर तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसकी पहचान मिटाने के लिए उन्होंने दीपक के कपड़े उतार दिए और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। इसके बाद, फावड़ा, दीपक के कपड़े, मोबाइल और तमंचा लेकर हाईवे के पास स्थित एक अंडरपास में छिपा दिये और मोटर साईकिल लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी पिता सतेंद्र, उसके दोस्त उमर और सुपारी लेने वाले बदमाश जरीफ एवं रईस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या का खुलासा करने वाली टीम को एसपी अमित कुमार आनंद ने 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया है।

पुलिस टीम में रजबपुर थानाध्यक्ष कोमल तोमर, अतरासी चौकी इंचार्ज लवलीश कुमार, सर्विलांस प्रभारी बिजेंद्र मलिक सहित 16 पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles