लखनऊ (महानाद) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश के सभी शिक्षकों शिक्षा मित्र, अनुदेशक, रसोइयों को अब कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे बेसिक, माध्यमिक के राजकीय, एडेड, सेल्फ फाइनेंस, सभी शिक्षकों को लाभ मिलेगा। इससे लगभग 9 लाख शिक्षक लाभान्वित होंगे।
आपको बता दं कि शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 81 अध्यापकों को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कृत किया। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिषदीय विद्यालयों के 66 व माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व मॉनिटरिंग के लिए टैबलेट, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना के लिए प्रधानाचार्यों को टैबलेट व प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेसिक शिक्षा ने बाल वाटिका का एक नया रूप दिया है। इस सत्र में 5000 से ज्यादा बाल वाटिकाएं शुरू हो चुकी हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री पोषण से जोड़ने जा रहे हैं। बच्चा स्वस्थ होगा तो देश का भविष्य भी सुधरेगा। देश के अंदर सबसे ज्यादा प्रगति उत्तर प्रदेश की बेसिक शिक्षा ने किया है। ये अलग-अलग संस्थाओं के सर्वे में साबित हो चुका है। 60 लाख से अधिक बच्चे यूपी के परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं।



