रुद्रपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने अपने किरायेदार पर उसका मकान हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
वार्ड नं. 16, शांति कालौनी, भदईपुरा, रुद्रपुर निवासी होरी लाल (60 वर्ष) पुत्र नन्द राम ने न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रुद्रपुर की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके मकान में मंगलसेन उर्फ टीटी किराये पर रहा था तथा उक्त मंगलसेन उर्फ टीटी द्वारा उनके अनपढ़ होने का लाभ लेते हुए उनकी सम्पत्ति को हड़पने की नीयत से अपने पिता कुँवरसेन के स्थान पर उनका नाम होरी लाल फर्जी कागजात तैयार करते हुए अपने आधार कार्ड, पेन कार्ड व उनके (होरी लाल) राशन कार्ड में परिवार वालो का नाम दर्ज करवा लिया है।
होरी लाल ने बताया कि उपरोक्त मंगलसेन उर्फ टीटी व इसका परिवार सभी सदस्य ग्राम बहादुरगंज, करसौली, तहसील बिलासपुर, जिला रामपुर के स्थाई निवासी हैं। जब उन्होंने इसकी जानकारी होने पर अपना मकान खाली करने को कहा तो उक्त मंगलसेन उर्फ टीटी उनके साथ आग बबूला होकर मां बहन की गन्दी-गन्दी गालियाँ देते हुए मारपीट पर अमादा होकर जान से मारने की धमकी देने लगा और मकान खाली करने से मना कर दिया।
होरी लाल ने कहा कि उन्हें उक्त मंगलसेन व उसके परिवार से जानमाल का खतरा बना हुआ है। वह किसी भी समय उनकी सम्पत्ति हड़पने के लिए उन्हें जान से मार सकता है। उन्होंने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने होरीलाल की तहरीर के आधार पर मंगलसेन के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 318(4), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई प्रदीप कोहली के हवाले की है।



