spot_img
spot_img
Tuesday, February 24, 2026
spot_img

जालिम इश्क की दास्तान : युवती ने प्रेमी पर किया हमला, मांगे 10 लाख

रामनगर (महानाद) : इश्क जब हद से गुजरता है तो जालिम हो जाता है। ऐसा ही एक वाकया रामनगर में सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपने बेटे के प्रेमिका व उसके परिजनों पर धारदार हथियार से हमला करने और पीछा छुड़ाने के एवज में 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।

मंगलार रोड, आदर्श नगर, रामनगर निवासी मौ. याकूब पुत्र अब्दुल हमीद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह हार्डवेयर का कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। कारोबार में उसका बड़ा बेटा चाँद उर्फ अब्दुल रऊफ भी उसका हाथ बंटाता है तथा दुकान पर काम कर परिवार की आजीविका चलाता है।

मौ. याकूब ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व निर्मला टम्टा पत्नी शंकर गिरी निवासी इन्द्रा कालोनी, रामनगर ने उसे फोन कर बताया कि उसकी पुत्री अनन्या गिरी उसके पुत्र चांद उर्फ अब्दुल रऊफ से बहुत प्यार करती है और उसके लिए जान देने को भी तैयार है। इस वजह से अनन्या ने अपने हाथ की नस भी काट ली थी। हमारे समझाने व मारने पीटने पर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है, आप अपने लड़के को शहर से बाहर भेज दो।

उसने बताया कि निर्मला टम्टा की ऐसी बातें सुनकर घबराकर उसने अपने पुत्र को एक वर्ष के लिये रामनगर से बाहर भेज दिया। इसके बाद अनन्या गिरी उसके घर के बाहर चक्कर पर चक्कर लगाने लगी तथा उसे फोन करके कहती थी कि तुम चांद का नम्बर दो और उसको रामनगर बुलाओ तथा चांद के दोस्तों से भी फोन करके चांद के बारे में पूछती थी।

मौ. याकूब ने बताया कि दिनांक 5.6.2025 के लगभग 11.30 बजे अनन्या गिरी व किरन पुत्री सुरेन्द्र सिंह उसके घर धारदार हथियार लेकर आये और उन्हें व उनके बेटे को कमरे मे बंद करके कहने लगे कि तुम्हारे छोटे बेटे दाउद को मार देगें, यदि तुमने चांद को नहीं बुलाया तो तुम्हें भी जान से मार देगें। अनन्या गिरी ने कहा कि मैं चांद से बहुत प्यार करती हूँ, उसके बिना जिन्दा नहीं रह सकती। यदि तुम लोग मुझसे पीछा छुड़ाना चाहते हो तो मुझे 10 लाख रुपये दो, हम तुम्हारी जान बख्श देंगे। इसके बाद वह उसे 10 दिन का समय देकर चली गयी।

मौ. याकूब ने बताया कि इसके बाद किरन व अनन्या गिरी दिनांक 10.06.2025 को फिर से धारदार हथियार लेकर घर आयीं तथा घर मे घुसते ही उसे, उसकी पत्नी और छोटे पुत्र को कमरे मे बंद कर दिया तथा कमरे मे बंद करते ही किरन व अनन्या गिरी ने सुरेन्द्र सिंह व विमला देवी से बात करायी। उनके द्वारा यह कहा गया कि या तो इन लड़कियों को 10 लाख रूपये दे दो नहीं तो ये लड़कियां तुम्हें जान से मार देंगी और तुम्हारे लड़के चांद को झूठे मुकदमे में फंसा देंगी।

मौ. याकूब ने बताया कि इसके बाद उसने अपनी व अपने परिवार की जान बचाने के लिए उनसे एक सप्ताह का समय मांगा गया। दिनांक 21.06.2025 को फिर से अनन्या गिरी व किरन धारदार हथियार लेकर उसके घर आ धमकी तथा उसकी पत्नी को धारदार हथियार से तथा पुत्र दाउद को पैर मे डण्डा मारकर चोटिल कर दिया तथा पूरे घर मे तोड़-फोड़ कर दी तथा किरन द्वारा अपने पिता सुरेन्द्र सिंह व माता विमला देवी से बात करायी तो उनके द्वारा उससे कहा कि अभी तुम इनको 10 लाख रुपये दो नही तो यह तुम्हे जान से मार देंगी। जिससे बाद उसने बैंक में चार लाख रुपये निकालकर किरन व अनन्या गिरी को दे दिये। इसके बाद उन्होंने फिर से पैसे मांगे जिस पर उसने घर में रखे 50 हजार रूपये तथा 50 हजार रुपये अपने बुलन्दशहर के जानने वाले व्यक्ति से क्यूआर कोड भेजकर मंगाये गये और कुल पांच लाख रुपये किरन व अनन्या गिरी को दिये तब जाकर किरन व अनन्या गिरी गये तथा जाते-जाते शेष 5 लाख रूपये जल्दी ही उपलब्ध करा देने की धमकी दे गये अन्यथा उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने तथा चांद को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगे।

मौ. याकूब ने बताया कि उन्हें अलग-अलग नंबरों से धमकी दी जा रही है कि अगर शेष 5 लाख रुपये नहीं मिले तो तुम्हें जान से मार देंगे और किरन व अनन्या गिरी द्वारा दिनांक 23.06.2025 को उसके घर पर रात्रि करीब 12.00 बजे 5-6 अज्ञात लड़कों के साथ मिलकर पथराव किया गया, जिससे उसके घर के शीशे भी टूट गये। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मो. याकूब की तहरीर के आधार पर पुलिस ने निर्मला टम्टा, अनन्या गिरी व किरन के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 351(2), 308(4), 324(4), 127(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई सादिक हुसैन के सुपुर्द की है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles