spot_img
spot_img
Saturday, February 21, 2026
spot_img

उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में यूकेडी ठोकेगी ताल : काशी सिंह ऐरी

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि यूकेडी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। चुनाव में किसी भी राष्ट्रीय दल से गठबंधन नहीं किया जाएगा। ऐरी ने कहा कि सत्ता में आने पर वह परंपरागत कृषि कार्य करने वालों को प्रतिदिन 200-400 रुपये का मानदेय देंगे। यहीं नहीं, राज्य की गृहणियों के लिए भी एक निश्चित मानदेय दिया जायेगा। इसे पार्टी के घोषणा पत्र में रखा जाएगा।

सोमवार देर शाम रामनगर रोड स्थित एक हाटल में पत्रकार वार्ता के दौरान काशी सिंह ऐरी ने कहा कि वह उत्तराखंड के सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध क्षेत्रीय दलों से गठबंधन करेंगे। ताकि भाजपा-कांग्रेस के विरुद्ध मतों का विभाजन रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जब राज्य का गठन हुआ तब भारत सरकार ने एक शासनादेश जारी किया था जिसमें कहा गया था कि राज्य की कामचलाऊ राजधानी देहरादून होगी। स्थाई राजधानी का फैसला उत्तराखंड की निर्वचित विधानसभा द्वारा किया जायेगा। लेकिन तब से चार बार विधानसभा का गठन हो चुका है लेकिन राजधानी का मसला अब तक अनसुलझा है। उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए संघर्ष करता रहेगा।

ऐरी ने कहा कि युवाओं को रोजगार, स्कूलों की अच्छी व्यवस्था, सड़कों की बदहाल हालत को जब तक ठीक नहीं किया जायेगा तब तक पलायन रुक पाना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 21 साल बाद भी उत्तराखंड की देनदारी उत्तर प्रदेश ने नहीं चुकायी है। पिछले दिनों बड़े जोर-शोर से कहा गया कि उत्तर प्रदेश से परिसंपत्तियों के बंटवारे पर समझौता हो गया है। ऐरी ने कहा कि अगर मामला सुलझ गया तो सरकार इस पर श्वेत पत्र जारी करे।

21 साल में उत्तराखंड क्रांति दल उत्तराखंड में अपनी पैठ नहीं बना पाया? इस सवाल के जबाब में काशी सिंह ऐरी ने कहा कि जब अलग उत्तराखंड राज्य के लिए संघर्ष जारी था तब राज्य के तमाम संगठनों की इच्छा पर उत्तराखंड क्रांति दल ने अपने झंडे और बैनर को छोड़कर उस समय उत्तराखंड संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले एक वृहद आंदोलन चलाया था। राज्य निर्माण में सफलता मिली। इस बीच संगठन का काम नहीं हो पाया जिस वजह से पार्टी कुछ कमजोर हुई। बाद में भाजपा कांग्रेस की सरकारों के दौरान पार्टी के विधायकों के मंत्री बनने के सवाल पर ऐरी बोले कि राज्य के मुद्दे सुलझाने के लिए सत्ता में भागीदारी का हमारा एक प्रयोग था जो कि असफल रहा। इसलिए अब पार्टी ने तय किया है कि किसी भी परिस्थिति में भाजपा कांग्रेस जैसे राष्ट्रीय दलों से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मनोज डोबरियाल काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं।

इस अवसर पर यूकेडी के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद जोशी, जिला महामंत्री आरसी त्रिपाठी, केंद्रीय संगठन मंत्री हरजाप सिंह, केंद्रीय सचिव मनोज कुमार डोबरियाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles