विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में आयोजित विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्रों से सीधे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, रोजगार, पलायन, अग्निवीरों के भविष्य, साइबर अपराध, एआई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर छात्रों के सवालों के जवाब दिए।
एक निजी होटल में हुए कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के करीब 1400 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही अवसर देने की है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो।

युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर :
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में औद्योगिक गतिविधियों, स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक कौशल से जुड़े रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित कर रही है और सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
देहरादून में बनेगी देश की पांचवीं साइंस सिटी :
एआई और टेक्नोलॉजी से जुड़े सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को नई तकनीक सीखनी होगी। उन्होंने बताया कि सरकार राज्य के हर जिले में साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित कर रही है। इसके अलावा देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में STEM लैब, विज्ञान एवं नवाचार से जुड़ी गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

युवा आयोग और अग्निवीरों के भविष्य पर भी हुई बात :
विद्यार्थियों ने युवा आयोग और अग्निवीर योजना को लेकर भी सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग का उद्देश्य युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने में मदद करना होगा।
अग्निवीरों के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने उनके लिए डेडिकेटेड अग्निवीर सेल का गठन किया है। सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर काम कर रही है।
साइबर अपराध और भ्रष्टाचार पर भी छात्रों ने पूछे सवाल :
कार्यक्रम में साइबर अपराध को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने युवाओं को ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने और तकनीक का इस्तेमाल समझदारी से करने की सलाह दी।
भ्रष्टाचार पर सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अगर कोई सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
नशे से दूर रहने की अपील :
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य पर असर डालता है। उन्होंने छात्रों से खुद नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि वे बड़े सपने देखें, मेहनत करें और खुद पर भरोसा रखें। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और सीखने की इच्छा इंसान को आगे ले जा सकती है।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक सहित एसएसपी अजय गणपति, वीसी जयकिशन, सीडीओ दिवेश शासनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह और अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



