सितारगंज (महानाद) : एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति के नेतृत्व में 14 साल की नाबालिग को लेकर फरार हुए 23 साल के नाई को उत्तराखंड पुलिस केरल से गिरफ्तार कर लाई और नाबालिग को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दिनांक 20.07.2026 को सितारगंज क्षेत्र से 14 साल की नाबालिग के लापता होने की सूचना पर उसकी माता की तहरीर के आधार पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके द्वारा नाबालिग की सकुशल बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे।
नाबालिग की तलाश के दौरान आरोपी के अलग-अलग राज्यों में नाई/बार्बर का कार्य करने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा दिल्ली सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार सुरागरसी-पतारसी एवं तलाश की गई। इसी क्रम में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी पूर्व में केरल में नाई का कार्य कर चुका है तथा वर्तमान में केरल में मौजूद हो सकता है। सूचना को विकसित करते हुए पुलिस टीम केरल पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की।
अथक प्रयासों के फलस्वरूप थाना चालिस्सेरी, जनपद पालक्काड, केरल क्षेत्र से आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 साल की नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 137(2)/87(1)/65(1) बीएनएस एवं धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त –
आफताब (23 वर्ष) पुत्र अलकाब हुसैन, निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज।
पुलिस टीम में कोतवाल सुन्दरम शर्मा, एसआई कैलाश सिंह देव, कां. ज्योति शर्मा, प्रेम कनवाल शामिल थे।



