एसडीएम ने की 5 अन्य व्यक्तियों की गैस पासबुक जब्त
गदरपुर (महानाद) : एक महिला के घर से 10 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं, जिस पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।
गदरपुर की पूर्ति निरीक्षक अल्पना बजाज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 19.03.2026 की दोपहर 12ः27 बजे एसडीएम ऋचा सिंह द्वारा दूरभाष पर बताया गया कि उनके द्वारा एक महिला पूनम सरकार पत्नी नीलकमल सरकार निवासी वार्ड नं.-1, करतारपुर रोड, गदरपुर के पास से 5 अन्य व्यक्तियों की गैस पासबुक जब्त की गयी है।
इसके उपरान्त एसडीएम ऋचा सिंह, एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पलिका परिषद, गदरपुर कैलाश पटवाल द्वारा जब उक्त महिला के घर का निरीक्षण किया गया तो मौके पर कुल 10 अवैध घरेलू गैस सिलेण्डर जिसमें 09 घरेलू गैस सिलेण्डर (14.200 किग्रा) एवं 1 सिलेण्डर (5 किग्रा) रखे पाये गये, जिन्हें मौके पर जब्त किया गया।
अल्पना बजाज ने बताया कि इसके बाद उक्त पकड़े गये सभी सिलेण्डर कोतवाली, गदरपुर भेज दिये गये। जिन्हें उनके द्वारा गदरपुर इण्डेन गैस एजेन्सी, गदरपुर के प्रबन्धक के साथ मिलकर गदरपुर इण्डेन गैस एजेन्सी, गदरपुर में सुरक्षा के दृष्टिगत सुपुर्द करवाये गये। चूंकि घरेलू गैस की रिफिलिंग / व्यवसायिक उपयोग एवं कालाबाजारी आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत विनिर्मित द्रवीकृत पैट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण आदेश 2000 के प्राविधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसलिए उन्होंने पूनम सरकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पूर्ति निरीक्षक अल्पना बजाज की तहरीर के आधार पर कोतवाली गदरपुर पुलिस ने पूनम सरकार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर ली है। कोतवाल संजय पाठक ने मामले की जांच एसआई नरेश पंत के हवाले की है।



