विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : घास मंडी निवासी एक शिक्षक के 12 लाख रुपये लुट गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मौ. सिंघान, घास मंडी निवासी दीनदयाल पुत्र स्व. तिलकराज वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। माह फरवरी-मार्च में उनके मोबाईल पर शादी.कॉम के नाम से फोन आया तथा ट्रेडिंग हेतु एक लिंक भेजा गया तथा उक्त लिंक को ओपन करने के लिये लिखा गया था, जिसमें ट्रेडिंग करने पर पूर्ण रूप से उसका प्रोफिट सहित वापिस करने के लिये निर्देश था।
दीनदयाल ने बताया कि उन्होंने उनका एक खाता बनाया और कहा कि टेलीग्राम पर उस ऑर्डर को पूरा करने पर आपका सारा पैसा प्रोफिट सहित वापिस हो जायेगा, पहले उन्होंने 1000 रुपये डलवाकर 1300 वापिस कर दिये, तत्पश्चात उन्हें पूर्ण विश्वास में लेकर आगे की ट्रेडिंग करवायी तथा बार-बार कहा आपका पैसा सेफ है तथा आपको महा प्रोफिट सहित वापिस होगा, ऑर्डर को पूर्ण करने पर सारा पैसा वापिस हो जायेगा।
दीनदयाल ने बताया कि वे उनसे धनराशि लेते गये तथा ज्यादा पैसा रुक जाने के कारण उन्होंने उन्हें फँसा दिया तथा उनके मेहनत के सारे पैसे अपने बैंक अकाउण्ट में ट्रांसफर करवाते रहे। वह इस विश्वास में रहे कि उनका पैसा वापिस हो जायेगा परन्तु उस कम्पनी द्वारा कोई भी धनराशि नहीं लौटायी गयी तथा लिंक बदल दिया।
दीनदयाल ने बताया कि इसके पश्चात उनके पास अलग अलग व्हाट्सएप नंबरों से कॉल आते रहे, जो वर्तमान में भी जारी रहे, परन्तु उनका पैसा ना लौटाकर बार-बार उन्हें जमा करने का प्रेशर बनाते रहे। उन्होंने उन लोगों से काफी रिक्वेस्ट की, परन्तु उन्होंने उनका पैसा वापिस नहीं किया। उनका इस ट्रेडिंग में लगभग 12 लाख रुपये चले गये। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर उनके पैसे वापस दिलवाने की गुहार लगाई है।
दीनदयाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कटोराताल चौकी इंचार्ज बिपुल चंद्र जोशी के हवाले की गई है।



