बिजनौर (महानाद) : पूर्व भाजपा सांसद भारतेंदु सिंह एवं मुस्लिम व्यापारियों के बीच हुए विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 सगे भाईयों तालिब, खालिद और आबिद को गिरफ्तार कर लिया, तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांदपुर रोड पर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री और आरा मशीन से जुड़ा है।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी बिजनौर अभिषेक झा ने बताया कि एडीएम रैंक के एक अधिकारी, वन विभाग के कई कर्मचारियों के साथ आरा मशीन का निरीक्षण करने गए थे, इस दौरान भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंदु सिंह भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए, इस दौरान तालिब और उसके साथियों ने पूर्व सांसद के सुरक्षा गार्ड से कार्बाइन छीनने का प्रयास किया और उनके वाहन में तोड़फोड़ कर दी। वहीं, इसके अलावा, विरोध प्रदर्शन के दौरान, आबिद पूर्व सांसद की कार के आगे लेट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। वहां मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर उसे हटाकर स्थिति को काबू में किया।
इसके बाद पूर्व सांसद के समर्थक तुषार मलिक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तीनों भाइयों के खिलाफ कानून की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें हत्या के प्रयास के आरोप भी शामिल हैं।

बता दें कि तालिब, खालिद और आबिद की एक आरा मिल है। तीन महीने पहले भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रॉबिन चौधरी के साथ उनकी जुबानी कहा-सुनी हो गई थी। इस घटना के बाद भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंदु सिंह ने वन विभाग में एक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए डीएम ने आरा मशीन को सील करने का आदेश दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम (नगर) और सीओ सिटी ने मौके का दौरा किया और इसमें शामिल दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि आरा मशीन को पहले ही सील कर दिया गया था। अब पुलिस ने तीनों भाईयों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया।
बता दें कि तीनों भाई शातिर अपराधी हैं। पूर्व में खालिद पर 6 मुकदमे, आबिद पर 3 मुकदमें तथा तालिब पर 7 मुकदमें दर्ज हैं।



