खटीमा (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के नेतृ त्व में खटीमा पुलिस ने घर में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले 4 ठगों को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी के ‘भयमुक्त, अपराधमुक्त देवभूमि’ के संकल्प को साकार करने हेतु एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति द्वारा जनपद में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा धोखाधड़ी, अवैध वसूली एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उक्त क्रम में एसएसपी के कुशल निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी खटीमा के निकट पर्यवेक्षेण में कोतवाली खटीमा पुलिस ने धारा 318(4), 308(6), 127(2), 61(2) एवं 319(2) बीएनएस से संबंधित मामले में नामजद चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि वादी द्वारा कोतवाली खटीमा में दी गई तहरीर के अनुसार, लक्ष्मण सिंह भाटिया पुत्र स्व. प्रेम सिंह भाटिया निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, खटीमा एवं उसके अन्य साथियों द्वारा वादी के पिता को उनके घर/भूमि में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित रूप से विश्वास में लिया गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ एवं अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर बड़ी धनराशि खर्च होने की बात कहकर वादी के पिता से अलग-अलग किश्तों में धनराशि प्राप्त की गई। साथ ही, भूमि संबंधी विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान भी करवाए गए। वादी के अनुसार, दस्तावेजों में भूमि के संबंध में लगभग 46 लाख रुपये एवं 80 लाख रुपये की धनराशि अंकित है।
वादी ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता को कथित रूप से एक कार में ले जाकर बंधक बनाया गया तथा हथियार दिखाकर और बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाया गया। तहरीर में लगभग 10 लाख रुपये की नकद धनराशि लिए जाने तथा भूमि को कथित रूप से कम कीमत पर बिकवाने की साजिश किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वादी के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के कारण उसके पिता पर गंभीर मानसिक दबाव पड़ा। प्रकरण में संबंधित व्यक्तियों की भूमिका, धनराशि के लेन-देन, भूमि संबंधी दस्तावेजों तथा अन्य आरोपों की जांच विवेचना के अंतर्गत की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी खटीमा के निकट पर्यवेक्षेण में कोतवाली खटीमा पुलिस द्वारा मुकदमे से संबंधित नामजद अभियुक्तों की तलाश, सुरागरसी – पतारसी एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी संबंधी पुलिस विवरण के अनुसार खटीमा पुलिस टीम के साथ मुकदमे में नामजद अभियुक्तों की तलाश में जा रहे थे। इसी दौरान भूड़ महोलिया की पुलिया के पास मुखबिर खास द्वारा सूचना दी गई कि मुकदमे से संबंधित अभियुक्त खटीमा रेलवे स्टेशन पर कहीं जाने की फिराक में हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल संजय पार्क, रेलवे स्टेशन, खटीमा के पास पहुँची तथा मुखबिर द्वारा बताए गए व्यक्तियों की पहचान कर घेराबंदी एवं पीछा करते हुए चारों नामजद अभियुक्तों को मौके पर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण –
1. लक्ष्मण सिंह भाटिया (44 वर्ष) पुत्र स्व. प्रेम सिंह भाटिया, निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, खटीमा।
2. विवेक कुमार (47 वर्ष) पुत्र स्व. संतोष कुमार, निवासी बानूसी, झनकट, खटीमा।
3. नन्द किशोर (40 वर्ष) पुत्र हब्बू राम, निवासी बण्डिया, खटीमा।
4. शिव सिंह राणा (38 वर्ष) पुत्र नैन सिंह राणा, निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया, खटीमा।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले अग्रिम विवेचना की जा रही है। धनराशि के लेन-देन, भूमि संबंधी दस्तावेजों, कथित धमकियों तथा जिन व्यक्तियों ने भूमि खरीदी है उनकी संलिप्तता की जांच कर आवश्यतानुसार गिरफ्तारी और भूमिका के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, एसएसआई केसी आर्य, एसआई राकेश राय, भुवन गहतोड़ी, कां. कमल पाल, सुभाष पाण्डेय, तुलसी प्रसाद भट्ट, चालक धनी राम शामिल थे।



