विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : साइबर ठग ने क्रेडिट कार्ड का बकाया जमा करवाने के नाम पर एक महिला से 72,060 रुपये ठग लिये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
रामनगर रोड स्थित देवस्थली निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 25 सितम्बर 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उस व्यक्ति ने खुद को यस बैंक का क्रेडिट कार्ड विभाग का बताकर उनसे कहा कि उन्हें बैंक को 6000 रुपये कार्ड के लिए जमा करने की आज तारीख है। उसने इतना डरा दिया कि वह कुछ समझ नही पाई और उसने एक एपीके फाइल के लिंक को खोलने को बोला और ऐसा करते ही उनके पैसे कट गए।
महिला ने कहा कि उक्त ठग ने धोखे से उन्हें फंसा कर उनके सेविंग अकाउंट से 20,000 रुपये और क्रेडिट कार्ड से 52,060 रुपए निकाल लिये। उन्होंने उक्त साइबर ठग के खिलाफ कार्यवाही कर उनकी धनराशि दिलवाये जाने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई कौशल सिंह भाकुनी के हवाले की है।



