spot_img
spot_img
Thursday, April 30, 2026
spot_img

अनूप अग्रवाल केस : पुलिस प्रताड़ना और होली के बाद से गायब होने के आरोप झूठे, 2 दिन पहले ही कोर्ट में की वीसी की मांग

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एसपी काशीपुर अभय सिंह ने अनूप अग्रवाल की मां द्वारा उनके बेटे को मार दिये जाने की आशंका तथा पुलिस द्वारा प्रताड़ित किये जाने के आरोपों को झूठा बताया है। एसपी ने बताया कि जिस अनूप अग्रवाल के होली के बाद से गायब होने की बात कही जा रही है, उस अनूप अग्रवाल ने लगभग 1.5 महीने पहले अग्रिम जमानत ली है और अभी 2 दिन पहले ही अपने वकील के माध्यम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश होने की अर्जी लगाई है।

आपको बता दें कि आज दिन में उत्तराखंड के पूर्व मंत्री एवं गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे की व अनूप अग्रवाल की मां द्वारा अनूप अग्रवाल को मार दिये जाने की आशंका, होली के बाद से अनूप अग्रवाल, उनकी पत्नी, उनके बेटे-बहू के लापता होने व पुलिस द्वारा प्रताड़ित किये जाने के आरोपों पर जबाव देते हुए एसपी काशीपुर अभय सिंह ने बताया कि उक्त अनूप अग्रवाल पर 6 मुकदमे दर्ज हैं तथा उसने अभी 1.5 महीने पहले ही कोर्ट से अग्रिम जमानत हासिल की है तथा 2 दिन पहले ही अपने वकील के माध्यम से कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अर्जी दी है।

एसपी ने बताया कि अनूप अग्रवाल व उसके साथियों पर आईपीसी व बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अनूप अग्रवाल व उनके साथियों पर –
2019 में 147,188/323, 353, 504, 506 आईपीसी
2022 में 420, 467, 468, 471 आईपीसी
2023 में 307, 384, 147, 148, 149, 323, 504, 506 आईपीसी (सुप्रीम कोर्ट से जमानत)
2023 में 384, 504, 506 आईपीसी
2024 में 504, 506 आईपीसी
2025 में 78, 79, 356(2), 351(2), 352 बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि 2025 में 78, 79, 356(2), 351(2), 352 बीएनएस के तहत दर्ज किये गये मुकदमे में जांच में अनूप अग्रवाल, अमोल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, धीरज ग्रोवर व तनुज कपूर के नाम सामने आये हैं जिसमें अनूप अग्रवाल ने अग्रिम जमानत ले ली थी। अग्रिम जमानत के दौरान कोर्ट ने अनूप अग्रवाल को पुलिस से जांच में सहयोग करने के आदेश दिये थे लेकिन अनूप अग्रवाल आज तक पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि जब किसी को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल जाती है तो पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकती।

एसपी अभय सिंह ने कहा कि अनूप अग्रवाल की मां द्वारा पुलिस प्रताड़ना के लगाये जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।

यहां आपको बता दें कि जहां अनूप अग्रवाल की मां एक तरफ आशंका जता रही हैं कि उनका पुत्र नहीं रहा और होली के बाद से उनका उससे कोई संपर्क नहीं है। वहीं गदरपुर विधायक का यह कहना कि उन्हें अनूप के रिश्तेदारों से पता चला है कि अनूप अग्रवाल को 2 हार्ट अटैक आये हैं, साबित करता है कि वह अपने परिजनों के संपर्क में है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles