हरिद्वार (महानाद) : शुक्रवार देर शाम को कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद टोल प्लाजा पर एक कांवड़ खंडित हो जाने की स्थिति में कुछ कांवड़ियों द्वारा मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया गया। जब पुलिस द्वारा जब यातायात सुचारु करने का प्रयास किया गया, तो कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर रोडवेज बस एवं थाना मोबाइल वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।
वहीं, कांवड़ यात्रियों के जत्थे की ओर से एक पत्थर आया जो सीधे यातायात निरीक्षक नीरज कुमार को लगा। उस दौरान नीरज कुमार हरिद्वार-रुड़की हाईवे पर फैले कावड़ियों को सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे थे। अचानक किसी ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसमें एक पत्थर यातायात निरीक्षक की नाक पर आकर लग गया। उनके साथ में मौजूद कांस्टेबल ने तत्काल उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
एसओ नरेश राठौड़ ने बताया कि यातायात निरीक्षक नीरज कुमार की लिखित शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के संबंध में आरोपियों के विरुद्ध तत्काल मुक़दमा पंजीकृत कर 2 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहन को सीज कर दियागया है। अन्य लोगों की पहचान की जा रही है, शीघ्र ही सभी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जायेेगी।



