धर्मवीर बात्ता
नरवाना (महानाद) : श्री भारतीय कला केंद्र (रजि.) नरवाना द्वारा इस वर्ष रामलीला मंचन को भव्य और नवीन स्वरूप में प्रस्तुत करने की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। इसी संदर्भ में संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 30 जुलाई 2025 को पब्लिक धर्मशाला, रेलवे रोड, नरवाना में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता कला केंद्र के सरपरस्त ज्ञाना राम शर्मा ने की।
बैठक में रामलीला मंचन के लिए नए कलाकारों के चयन हेतु ऑडिशन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कला केंद्र के प्रधान कुलदीप सिंगला ने जानकारी दी कि ऑडिशन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए 11 सदस्यों की एक चयन समिति गठित की गई है, जिसके अध्यक्ष रामनिवास जैन होंगे। रामलीला में अभिनय करने की इच्छा रखने वाले इच्छुक कलाकार 1 अगस्त 2025 से 10 अगस्त 2025 तक प्रतिदिन रात्रि 8ः30 बजे पब्लिक धर्मशाला, रेलवे रोड, नरवाना में ऑडिशन दे सकते हैं।
प्रधान कुलदीप सिंगला ने बताया कि इस बार रामलीला का मंचन पहले से कहीं अधिक व्यवस्थित, भव्य और आधुनिक प्रस्तुति के साथ किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक नया अनुभव प्राप्त होगा।
बैठक में प्रमुख रूप से सदस्य भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश गोयल, उपेंद्र गर्ग, प्रमोद सिंगला, मोहनलाल गर्ग, राम अवतार (झील), जिम्मी (उझाना), रामकुमार गर्ग, प्रभात सिंगला, प्रवीण शर्मा, सुखदेव शर्मा, दीपक गर्ग, दीपक मित्तल, कमल मोयल, जयराज, अनिल गर्ग, श्रवण कुमार, सागर, दुर्गेश गोयल, पवन सिंगला, राहुल सिंगला, दानी एवं शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



