पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उधम सिंह नगर के सचिव योगेंद्र कुमार सागर के निर्देशानुसार फैज़ ए आम इंटर कॉलेज में नशा उन्मूलन पर एक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जसपुर न्यायिक कोर्ट की सिविल जज जहांआरा अंसारी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर सिविल जज जहांआरा अंसारी ने छात्र/ छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी देते हुए बताया कि नशे की लत लग जाना हमारे जीवन में बहुत ही घातक बीमारी है, जिसको भी यह लत लग जाए, छोड़ना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत बीड़ी एवं सिगरेट से होती है, हमें किसी के भी बहकावे एवं लालच में आकर बीड़ी सिगरेट नहीं पीनी है। यदि ऐसा करते हैं तो यहीं से नशे की शुरुआत हो जाती है और वह बड़े नशे का रूप ले लेती है।
उन्होंने कहा कि शराब, गांजा, स्मैक, कैप्सूल, नशे के इंजेक्शन आदि मनुष्य के लिए खतरनाक साबित होते हैं। अधिक नशे के सेवन से मृत्यु तक हो जाती है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आक्रामकता वाला नशा हिंसात्मक प्रवृत्तियों को जन्म दे सकता है। अंतर निर्मित स्वास्थ्य स्थितियों का बिगड़ना कुछ पदार्थ के नशे में अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थितियां बिगड़ सकती हैं, जैसे हृदय संबंधी समस्याएं तथा मानसिक स्वास्थ्य स्थितियां आदि।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि नशा परिवार का नाश करता है, इसलिए हमें नशे से दूर रहना है। उन्होंने कहा कि नशा आपको अपनी किताबों से करना है, ट्यूशन से करना है तथा इस नशे (पढ़ाई) के माध्यम से आप आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर, इंजीनियर बन सकते हैं। नशा हमारे मानसिक व शारीरिक शक्तियों को कमजोर करता है, जिससे उसके अत्यधिक सेवन से मृत्यु तक हो जाती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति हर समय अत्यधिक नशे में रहता है और घर वालों से मारपीट करता है तो वह उसे नशा मुक्ति केंद्र में भेज सकते हैं। इसके अलावा सरकारी अस्पताल में भी नशा छुड़ाने का कोर्स होता है, वहां भी ठीक कर सकते हैं।
कॉलेज के प्रधानाचार्य रईस अहमद ने सिविल जज जहांआरा अंसारी को शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय- समय पर होते रहने चाहिए। शिविर की अध्यक्षता कालेज के प्रधानाचार्य रईस अहमद ने की तथा संचालन पीएलबी डॉ. बीएस गौतम ने किया।
शिविर में पैनल अधिवक्ता राजवीर सिंह, अजहरुद्दीन, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार शर्मा, पीएलबी टीम में डॉ. वीर सिंह गौतम, मुनेश, लता, संगीता रानी, सोनू कुमार, आदेश कुमार, जाहिद हुसैन, शबनम अंजुम, शमशेर अहमद, शाहनवाज अहमद, डॉक्टर आजाद अहमद, मौहम्मद आरिफ, जुनैद अनवर, मैहर अंजुम, मौहम्मद शोएब तथा प्रबंध समिति में अनीस अहमद अध्यक्ष, मौहम्मद कमर सिद्दीकी उपाध्यक्ष, मौहम्मद अशरफ, तस्लीम प्रबंधक, जाहिद हुसैन सेक्रेटरी, मौहम्मद राशिद जॉइंट सेक्रेटरी, जाकिर हुसैन सदस्य, मौहम्मद मोहसिन सीए, शराफत हुसैन, मौहम्मद शाहिद, मौहम्मद मोहसिन एडवोकेट आदि लोगों ने भाग लिया।



