विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : पुलिस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लोगों की जेब काटने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल और चोरी किए रुपये, पर्स और आधार कार्ड बरामद कर लिया। उक्त जेबकतरे अखबारों व सोशल मीडिया के माध्यम से रैली और कार्यकम की जानकारी लेकर नेताओं की रैली और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस द्वारा करीब 300 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन कर घटना का पर्दाफाश किया गया।
आपको बता दें कि तेज बहादुर गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि दिनांक 14.08.2025 को अनन्या रेजीडेन्सी, काशीपुर में विभाजन विभीषिका कार्यक्रम/रैली के दौरान अज्ञात चोरों द्वारा भीड़-भाड़ में उनकी एवं उनके साथियों की जेब काटकर रुपये, पर्स चोरी किये गये हैं। तहरीर के आधार पर तत्काल कोतवाली काशीपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई गिरीश चन्द्र के सुपुर्द की गई।
पुलिस टीम द्वारा अनन्या रेजीडेन्सी मे लगे सीसीटीवी कैमरों का गहराई से अवलोकन कर भीड़-भाड़ के बीच से संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर करीब 300 सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये। सीसीटीवी कैमरों में पाये गये संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी एकत्रित कर सुरागरसी पतारसी करते हुये मुखबिर की सूचना पर दिनांक 25.08.2025 को नौगजा मजार, काशीपुर से फरियाद हुसैन व अमित सैनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल व चोरी किये गये आधार कार्ड, भूरे रंग का पर्स, काले रंग का पर्स व 1 हजार रुपये नकद बरामद किये गये। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि दिनांक 14.08.2025 को अनन्या होटल में आयोजित कार्यक्रंम के दौरान अमित सैनी व फरियाद हुसैन अपने अन्य साथी हचकी, शिवम, समीर, रजी, राजू उर्फ डॉक्टर व अरमान के साथ भीड़ में भोजन कक्ष में गये जहां भोजन के लिये प्लेट उठाते समय धक्की मुक्की करते हुये कईं लोगों की जेब से रुपये, पर्स आदि सामान चोरी कर वापस चले गये।
आपको बता दें कि उक्त जेब कतरे गैंग के सदस्य अखबारों एवं सोशल मीडिया आदि के माध्यम से राजनैतिक एंव धार्मिक रैलियों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों व मेलों की जानकारी प्राप्त कर चले जाते हैं और पहले एक सदस्य कार्यक्रम की रेकी कर भीड़-भाड़ वाली जगह देख कर आता है उसके बाद अन्य सदस्य एक साथ भीड के बीच में घुसते हैं। एक सदस्य बातों में लगाता है या मौका देखकर धक्का मुक्की करता है, उसी दौरान दूसरा सदस्य पर्स निकाल देता है और भीड़ से अलग-अलग दिशाओं में बाहर हो जाते हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त –
1- फरियाद हुसैन (42 वर्ष) पुत्र मौहम्मद इश्तयाक हुसैन निवासी मौहल्ला जुलाहान, जसपुर, जिला ऊधम सिंह नगर। इसके खिलाफ थाना जसपुर में 2 मुकदमें दर्ज हैं।
2- अमित सैनी (27 वर्ष) पुत्र महावीर सिंह निवासी मौहल्ला बाड़वान, धामपुर, जिला बिजनौर। इसके खिलाफ थाना धामपुर में 8 मुकदमें दर्ज हैं।
पुलिस टीम में एसआई कौशल भाकुनी, गिरीश चंद्र, एएसआई प्रकाश बोरा, कां. प्रेम कनवाल ( जेब कतरों को पकड़ने में मुख्य भूमिका) तथा गिरीश मठपाल शामिल थे।



