रुद्रप्रयाग (महानाद) : जनपद रुद्रप्रयाग में आज प्रातः काल मैक्स बोलेरो वाहन मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन के कोने पर ऊपर से एक बड़ा पत्थर आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल 11 सवारियां थीं, जिसमें से 2 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा 3 व्यक्ति घायल हो गये। जिन्हें रेस्क्यू टीमों व स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
जनपद रुद्रप्रयाग में हो रही लगातार बारिश और मौसम विभाग द्वारा अगले तीन दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को 1 सितंबर से 3 सितम्बर तक अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा को स्थगित करें और अपने घरों में सुरक्षित रहें। जो यात्री पहले से यात्रा पर हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रुकने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।
वहीं, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने जानकारी दी कि मौसम केंद्र देहरादून द्वारा क्षेत्र में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह से यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है।



