विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मौ. सिंघान निवासी एक व्यक्ति ने उसके साथ हुई साइबर ठगी के होल्ड किये गये 12 लाख रुपये वापिस दिलाने की मांग की है।
मौ. सिंघान निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि साइबर ठगों द्वारा फरवरी-मार्च में ट्रेडिंग एप टेलीग्राम पर ट्रेडिंग में निवेश का फायदा दिखाकर निवेश के लिये कहा गया तथा यूपीआई व चेक के माध्यम से उससे 12 लाख रुपये का निवेश करवाया गया तथा इस निवेश में काफी प्रोफिट दिखाकर वापिस करने के लिए कहा गया, परन्तु कोई धनराशि वापिस नही की गयी।
उसने बताया कि उसके द्वारा साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवायी गई। साइबर सेल द्वारा कार्यवाही करने पर कुछ खातों में पैसा होल्ड किया गया जो कि उसे अभी तक प्राप्त नही हुआ है। उसने पुलिस से उक्त 12 लाख रुपये वापिस दिलाने की मांग की है।
व्यक्ति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। मामले की जांच एसआई कविन्द शर्मा के हवाले की गई है।



