सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : पुलिस ने हजारों लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी करने वाले मुख्य अभियुक्त जगमोहन को गिरफ्तार कर लिया। जगमोहन ने भोले-भाले लोगों के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी कर अपनी माइक्रो फाईनेंस इंडिया एसोसिएशन कम्पनी में करोड़ों का निवेश करवाया था।
आपको बता दें कि नेहरू कालोनी क्षेत्रान्तर्गत कुछ व्यक्तियों द्वारा एक निजी फाइनेंस कम्पनी खोलकर उसमें जमाकर्ताओं को अधिक रुपये का ब्याज मिलने तथा भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर लोगों की गाढ़ी कमाई की मोटी रकम हडपकर फरार होना प्रकाश में आया।
मामले की संवेदनशीलता के दृष्टिगत एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर दिनांक 2-10-2025 को पुलिस द्वारा स्वयं वादी बनकर एसआई प्रवीण पुण्डीर थाना चौकी प्रभारी बाईपास थाना नेहरू कॉलोनी द्वारा धारा 3/21 बड्स एक्ट व 3 उत्तराखण्ड जमाकर्ताओं के हितो का संरक्षण अधिनियम व 316(2)/318(4)61(2) बीएनएस का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान प्रकाश में आया कि कम्पनी का फाउण्डर मेंबर जगमोहन सिंह चौहान तथा कम्पनी की डायरेक्टर नीलम चौहान पत्नी जगमोहन सिंह चौहान निवासी सरस्वती विहार, थाना नेहरू कालोनी, देहरादून के निवासी हैं। कम्पनी का पैसों का सारा लेन देन जगमोहन सिंह चौहान कम्पनी के उक्त कार्यालय में बैठकर ऑपरेट करता है तथा लोगों के साथ ठगी एवं धोखाधड़ी के उद्देश्य से लोगों को अधिक ब्याज का लालच एवं झांसा देकर कम्पनी में खाता खोलने एवं निवेश करने हेतु अपने जाल में फंसाता है। जिनकी लोकलुभावन योजनाओं के झासें में आकर लोग इनकी फाइनेंस कम्पनी में अपनी आरडी/एफडी तथा डीडीएस के खाते खोले जाते थे।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय सिंह द्वारा कंपनी से संबंधित सभी बैंक खातों को सीज कराया गया तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को निर्देश दिये गये। जिस पर पुलिस टीम द्वारा दिनांक 7-10-2025 को अभियुक्त जगमोहन सिह चौहान पुत्र स्व. श्रीचन्द चौहान को थाना रोड, नेहरु कालोनी के पास से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि प्रायः देखने में आया है कि मुनाफे के लालच में कई लोग छोटी-मोटी कंपनियों में निवेश करते हैं व कंपनियों द्वारा भोले-भाले लोगों का निवेश में पैसा लगाकर उसके संचालकों द्वारा विश्वास दिलाकर लोगों की गाड़ी कमाई को हड़प लिया जाता है, सभी निवेशकों से अनुरोध है कि कृपया अपनी कमाई को निवेश करने से पूर्व जिस कंपनी में निवेश कर रहे हैं उसका सही प्रकार से सत्यापन करें, जांच परख करने के उपरांत ही निवेश करें। ऐसी कंपनियां जिनके द्वारा आमजन के कमाई को धोखाधड़ी कर हड़पने का प्रयास किया जाएगा उनके विरुद्ध देहरादून पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।



