विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ के आदेश पर चलाये जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। सत्यापन के दौरान पुलिस के हत्थे 4 सटोरिये चढ़ गये, जिनके पास से पुलिस को नकद धनराशि, सट्टे की पर्चियां आदि बरामद हुए हैं।
आपको बता दें कि आज दिनांक 16.02.2026 को एसआई देवेन्द्र सिंह मेहता एसआई गणेश पाण्डेय, हे.कां. संजय, कां. अमरदीप व देवनाथ के के साथ पुलिस मुख्यालय देहरादून के आदेश से चलाये जा रहे सत्यापन अभियान हेतु चौकी बांसफोड़ान से पैदल-पैदल चलकर मौहल्ला अल्ली खां में सत्यापन ड्यूटी में लगे थे। जब वह अल्ली खां से होते हुए मौहल्ला बांसफोड़ान की चुंगी पर पहुंचे तो सड़क किनारे खड़ा एक व्यक्ति पुलिसकर्मियों को देखकर एकदम से सकपकाकर तेज कदमों से अन्दर गली की तरफ भागने लगा, शक होने पर पुलिस कर्मियो ने उसका पीछा किया तो वह मौहल्ला बांसफोड़ान में गली के अंत में तिराहे के पास एक घर के कमरे में घुस गया, जिसके भागने का अंदेशा होने के कारण पुलिसकर्मियों ने कमरे में घुसकर उसे पकड़ लिया।
एसआई देवेन्द्र मेहता ने बताया कि कमरे में मौजूद एक अन्य व्यक्ति हाथ में पेन व डायरी लिये हुए रुपये गिनता हुआ मिला, कमरे में दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद मिले। भागकर कमरे में आये आदमी से उसका नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम नूर हसन (26 वर्ष) पुत्र मौहम्मद यासीन निवासी मौ. बांसफोड़ान, काशीपुर बताया।
पछताछ करने पर नूर हसन ने बताया कि हम लोग मिलकर यहां पर सट्टा खिलाने का काम करते हैं, मैं बाहर सड़क पर खड़ा होकर ग्राहक तलाशता हूं और सट्टा खेलने वालों को यहां कमरे में भेजता हूं। यहां पर मैंने अजय यादव को काम के लिए रखा है, जो ग्राहकों से सट्टा खेलने के रुपये इकट्ठा करता है और उनके द्वारा जिस नम्बर पर सट्टा लगाया जाता है, उनको उस नम्बर की पर्ची देता है।
नूर हसन ने बताया कि बाहर सड़क पर मैं भी मोबाईल फोन में सट्टा लगाने वालों के नम्बर नोट करके उनसे सट्टे के रुपये लेकर सट्टे के नम्बर को अजय यादव व सट्टे का काम करने वाले अन्य लोगों को व्हाट्सअप पर भेजता हूं। नूर हसन की तलाशी लेने पर उसके पास से 980 रुपये बरामद हुये।
कमरे में मौजूद कुर्सी पर बैठे एवं सट्टे का हिसाब-किताब देख रहे व्यक्ति से उसका नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम अजय यादव (21 वर्ष) पुत्र विरेन्द्र यादव निवासी यादव सभा, मौहल्ला ओझान, काशीपुर बताया, उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से नीले रंग की सट्टे के नम्बर लिखी पॉकेट डायरी व पास में टेबल पर रखी रंग- बिरंगी व सादे कागज की कुल 76 सट्टा पर्चियां जिन पर फरीदाबाद, गली, दिसावर, गाजियाबाद एंव विभिन्न सट्टे के नम्बर आदि अंकित किये हुये हैं, बरामद हुये। टेबल के ऊपर व दराज से कुल 30,890 रुपये बरामद हुये।
पुलिस ने कमरे मे मौजूद दो अन्य व्यक्तियों से उनका नाम पता पूछा तो एक ने अपना नाम नन्हे यादव (55 वर्ष) पुत्र स्व. धनी राम निवासी पंजाबी सराय (बासंफोडान), काशीपुर तथा दूसरे ने अपना नाम राकेश कुमार (48 वर्ष) पुत्र बाबू राम निवासी खान मेडिकल के पास, मौ. कटोराताल, काशीपुर बताया। उक्त व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 690 रुपये बरामद हुए।
नन्हे और राके श ने बताया कि हम गरीब आदमी हैं और अपनी किस्मत आजमाने के लिए यहां पर अक्सर सट्टा लगाने आते हैं। आज भी हम यहां पर सट्टा लगाने आये हैं।
पुलिस ने चारों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3, 4 व 13 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।



