महानाद डेस्क : अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर खामेनेई की मौत की जानकारी दी और खामेनेई को इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक बताया। ट्रंप ने कहा कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर, मिलिट्री और दूसरी सुरक्षा और पुलिस फोर्स के सदस्य अमेरिका से इम्यूनिटी मांग रहे हैं।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक खामेनेई मर गए हैं। यह सिर्फ ईरान के लोगों के बारे में इंसाफ नहीं है, बल्कि सभी महान अमेरिकियों और दुनिया भर के कई देशों के उन लोगों के लिए भी है, जिन्हें खामेनेई और उनके खून के प्यासे गुंडों ने मार डाला या घायल कर दिया।’
बता दें कि ईरान ने भी अयातुल्ला अली खामेनेई की पुष्टि करते हुए 40 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। वहीं 7 दिन का राजकीय अवकाश भी घोषित किया गया है।
वहीं, ईरान ने अपने नये कमांडर इन चीफ का एलान कर दिया है। अहमद वाहिदी को ईरान का नया कमांडर इन चीफ बनाया गया है।



