विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : बाघ से बचने के लिए अवैध तमंचा लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि कल दिनांक 22.03.2026 को एसआई सौरभ कुमार भारती एसआई संजय सिंह, कां. दीपक जोशी व इन्द्र कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। जैसे ही वे गौशाला मोड़ होते हुए द नेस्ट कैफे के बगल से गढ़ी इन्द्रजीत को जाने वाले रास्ते पर रपटे के पास पहुँचे तो एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थिति में कम्बल ओढ़कर गढी इन्द्रजीत की ओर जाता दिखायी दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा जिसे तुरन्त गाड़ी से उतरकर पुलिसकर्मियों द्वारा घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राम भरोसे (50 वर्ष) पुत्र राम प्रसाद निवासी गढ़ी इन्द्रजीत, काशीपुर बताया। उसने बताया कि उसके पास तमंचा है, जिस कारण वह डर गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ। उसने द्वारा बताया कि वह जंगल में रहता है, बाघ का खतरा रहता है इसलिए उसने अपनी सेफ्टी के लिए तमंचा रखा हुआ है।
बरामदगी के आधार पर राम भरोसे के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



