विकास अग्रवाल
काशीपुर/देहरादून (महानाद) : एक सफाई कर्मचारी पर एक युवक को नौकरी दिलाने के नाम पर 2.50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
सहारनपुर रोड, पटेल नगर, देहरादून निवासी अंकुश पुत्र राम सरन ने पटेलनगर देहरादून पुलिस को तहरीर देकर बताया कि हरकेश मीना पुत्र दुर्जन लाल निवासी हेमपुर डिपो, काशीपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था तथा वर्तमान में 39 एफएडी, भरतपुर, राजस्थान में कार्यरत है।
अंकुश ने बताया कि वह उस समय इन्द्रेश हॉस्पिटल, देहरादून में कार्य करता था, जहाँ अशोक कुमार का कैंसर का इलाज चल रहा था। उसी दौरान उसकी मुलाकात अशोक कुमार के माध्यम से हरकेश मीना से काशीपुर में हुई। इसके बाद उसने दिनांक 15-07-2023 को 1,50,000/- रुपये नकद हेमपुर डिपो, काशीपुर में दिए तथा दिनांक 6-12-2023 को 50,000/- रुपये और दिनांक 19-07-2024 को 50,000/- रुपये हरकेश मीना को ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किए। इसके बाबजूद हरकेश मीना उसे बार-बार नौकरी दिलाने का झांसा देता रहा।
अंकुश ने बताया कि हरकेश ने न तो उसे नौकरी दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। उल्टा उसे धमकी दी गई कि अधिक फोन करने पर जान से मरवा दिया जाएगा। उसने हरकेश के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पटेल नगर, देहरादून कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर शिकायत को कोतवाली काशीपुर को ट्रांसफर कर दिया गया, जिसके बाद काशीपुर पुलिस ने हरकेश के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई संजय जोशी को सौंपी है।



