जसपुर (महानाद) : एक युवती को दूसरी शादी के बाद भी जीवन में सुख नहीं मिला। मिला तो बस धोखा, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और दहेज की मांग।
जसपुर निवासी एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी दूसरी शादी टनकपुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद वह जैसे ही अपनी ससुराल पहुंची तो कुछ समय बाद से ही उसके साथ अभद्रता होने लगी। शादी में दिये गए दोनों ओर के जेवर (लड़की व लड़का पक्ष) उससे उसकी ननद ने ले लिए।
युवती ने बताया कि कुछ दिन बाद ही उसके पति शराब पीकर घर आने लगे और उसके साथ बुरी तरह मार-पीट करने लगे। जिसका विरोध करने पर उसके सास ससुर ने उसे ही गलत ठहराया कि तुम हमारे बेटे को शराब पीने से रोकने वाली होती कौन हो? और यह कहा गया कि शराब पीना हमारे परिवार मे फैशन है । हम सभी पीते हैं, हमारा बेटा भी पीता है और तुम भी पीयो, मगर उसने हमेशा इसका विरोध किया।
युवती ने बताया कि हर बार विरोध करने पर उसे अलग-2 तरीकों से पीटा जाता रहा। एक बार बाथरूम में उसका सिर पकड़कर फ्लश लीवर के ऊपर जोर से पटक दिया तथा आये दिन उसके साथ मारपीट की जाने लगी। फिर उसे पता चला कि उसके पति की महिलाओं में नहीं बल्कि पुरुषों में रुचि है। जब उसने इसकी शिकायत अपने सास ससुर से की तो उसे बहुत मारा पीटा गया। यातनाएं दी गई और कहा कि अगर तुमने ये सब बात किसी को बताई या अपने घर में शिकायत की तो तुम्हें मार-पीट कर झूठे आरोपों मे फंसाकर तुम्हारे घर छोड़ आयेंगे। क्योंकि तुम्हारी दूसरी शादी है तो तुम्हारा जीवन नरक बनकर रहा जाएगा।
युवती ने बताया कि इसके बाद उसके ससुराल वाले उससे दहेज में गाड़ी की मांग करने लगे। दहेज की चिंता में ही उसके पिता को हार्टअटैक आ गया और उनकी मौत हो गई। लेकिन उसे ससुरालियों द्वारा उसका उत्पीड़न जारी रहा।
युवती ने बताया कि एक दिन उसका पति उसे मुरादाबाद छोड़ कर चला गया। 11 मार्च 2026 को वह टनकपुर पहुँची तो उसके पति ने सबके सामने कहा कि ये मुझे मेरे दोस्तों के साथ घूमने नहीं जाने देती, ना शराब पीने देती और ये रोक टोक मुझे पसन्द नही है इसलिए मैं इसे अपने घर में नही रखूंगा। और उक्त लोगों ने उसे व उसके परिवार को घर से बाहर निकाल दिया और कहा कि तुम्हें जहाँ भी जाकर शिकायत करनी है कर लो, हमारी पहुँच बहुत ऊपर तक है और हम बहुत प्रभावशाली लोग है। तुम्हें यहीं से गायब करवा दूंगा और तुम्हारे परिवार वालों को तो टनकपुर से बाहर भी नहीं निकलने देगें।
युवती ने बताया कि इसके बाद वह अपने परिवार के साथ थाने पहुँची, जहां उसके पति को थाने बुलवाया गया। पुलिस अधिकारी ने बहुत देर तक उसके पति व ससुर को समझाया मगर वह फिर भी अपनी जिद पर अड़े रहे कि हम इस लड़की को नहीं रखेगें। उसने अपने पति व ससुरालियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
जसपुर पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर युवती के पति, ससुर, ननद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ दहेज एक्ट की धारा 3, 4, बीएनएस की धारा 115(2), 352, 85 के तहत मुकदमा दर्ज कर ममले की जांच एसआई हरीश रावम के हवाले की गई है।



