काशीपुर (महानाद) : कुंडेश्वरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर अवैध खनन करने से मना करने पर उसके साथ मारपीट करने व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
ढकिया नं. 1, शिवनगर, काशीपुर निवासी सन्तराम सिंह पुत्र स्व. चेतराम सिंह ने कुंडेश्वरी पलिस चौकी को तहरीर देकर बताया कि उनका दादा लाई खेत कोसी नदी, गोविन्द स्टोन क्रेशन के पास में है। कमल सिंह तोमर व बबली तोमर पुत्रगण गंगाराम तोमर व अमन तोमर पुत्र कमल सिंह तोमर तथा बिट्टू तोमर निवासी ग्राम रामजीवनपुर, बाजपुर ने उनके खेतों से जबरदस्ती अवैध रूप से खनन करना शुरु कर दिया।
सन्तराम ने बताया कि दिनांक 29-6-2026 को वह अपने खेत पर गये तो देखा कि उपरोक्त व्यक्ति उनके खेत से खनन कर रहे थे, उन्होंने मना किया तो वह उनके साथ गाली गलौच एव मारपीट करने लगे और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहने लगे कि हमें रोकने आया है, तुझे जान से मार देंगे।
सन्तराम ने बताया कि तभी उनका बेटा दीपक भी खेत पर आ गया। बिट्टू तोमर ने फोन करके 2 गाड़ी लड़के बुला लिये, जिसमें अंकित तोमर, अक्षय तोमर और देवकीनन्द तोमर व 10-12 अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरु कर दी, जिसमें उनके कंधे, नाक व सीने में गम्भीर चोटें आई हैं। देवकीनन्द ने लोहे की रॉड से उनके कंधे पर कई वार किये, जिसमे उनके कंधे की हड्डी भी फ्रेक्चर हो गई। बीच बचाव में उनके बेटे के भी चोटें आई हैं।
सन्तराम ने कहा कि उपरोक्त व्यक्ति बदमाश एवं दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। जाते-जाते वे उन्हें धमकी देकर गये हैं कि यदि खेत पर आया और थाने गया तो तुझे जान से मार देंगे और लाश का भी पता नहीं देंगे। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।



